महाराष्ट्र में चल रहे सियासी घमासान के बीच CM ठाकरे ने बुलाई सर्वदलीय बैठक, लाउस्पीकर के मुद्दे पर होगी चर्चा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 25, 2022, 06:57 AM IST

महाराष्ट्र में चल रहे सियासी हंगामे के बीच आज सर्वदलीय बैठक भी बुलाई गई है। इस बीच बीजेपी का प्रतिनिधिमंडल गृह सचिव से मुलाकात करने वाला है।

महाराष्ट्र में चल रहे सियासी घमासान के बीच CM ठाकरे ने बुलाई सर्वदलीय बैठक, लाउस्पीकर के मुद्दे पर होगी चर्चा

मुंबई: महाराष्ट्र में इन दिनों लाउडस्पीकर और हनुमान चालीसा को लेकर सियासी संग्राम छिड़ा हुआ है। विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है। इस बीच आज सीएम उद्धव ठाकरे ने एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है जिसमें महाराष्ट्र में लाउड स्पीकर के मुद्दे पर चर्चा होगी। खबर है कि यहां बीजेपी राणा दंपति की गिरफ्तारी का मुद्दा भी उठाएगी। सांसद नवनीत राणा और उनके पति विधायक गिरफ्तार कर लिया गया था जिसके बाद दोनों को 14 दिनों के लिए जेल भेज दिया गया है। दोनों की जमानत पर अब 29 अप्रैल को सुनवाई होगी।

बीजेपी प्रतिनिधिमंडल दिल्ली पहुंचा

नवनीत राणा और रवि राणा पर धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप था। उनको बायकला जेल में रखा गया है, जबकि उनके पति रवि राणा को तलोजा जेल भेजा गया है। 23 अप्रैल को राणा दंपति के खिलाफ FIR हुई। आरोप है नवनीत के समर्थकों ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के घर के बाहर हंगामा करने की कोशिश की। पूरे मामले को लेकर अब बीजेपी खुल कर मैदान में उतर आई है। आज मुंबई बीजेपी का प्रतिनिधिमंडल दिल्ली पहुंचेगा और नॉर्थ ब्लॉक में गृह सचिव अजय कुमार भल्ला से मुलाकात करेगी।

किरीट सौमेया पर हुआ था हमला

गृह सचिव से मिलकर बीजेपी का ये प्रतिनिधिमंडल किरीट सोमैया पर हुए हमले का मुद्दा उठाएगा। आपको बता दें कि किरीट सोमैया जब राणा दंपति से मिलने थाने पहुंचे थे, तो उनपर हमला हुआ था। किरीट सोमैया का आरोप था कि शिवसैनिकों ने उनपर ये जानलेवा हमला किया है। सोमैया ने दावा किया, ‘मुझ पर किया गया हमला उद्धव ठाकरे सरकार द्वारा प्रायोजित था। करीब 70-80 शिवसेना कार्यकर्ता उस समय खार पुलिस थाने के प्रवेश द्वार पर एकत्रित हो गए जब मैं थाने गया था। मैंने पुलिस को सूचित किया था कि शिवसेना के गुंडे मुझ पर हमला कर सकते हैं और बाद में ऐसा ही हुआ।’

End of Article