Chandigarh Nagar Nigam Election Results 2021: कई दिग्गजों को मिली शिकस्त, 14 सीट जीतकर AAP की धमाकेदार एंट्री

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 27, 2021, 05:32 PM IST

Summary: Chandigarh Nagar Nigam Election/Chunav Result 2021 (चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव परिणाम 2021): चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में पहली बार किस्मत आजमा रही आम आदमी पार्टी को शानदार सफलता मिली है। भाजपा के मौजूदा महापौर रविकांत शर्मा और पूर्व महापौर दवेश मौदगिल को करारी हार का सामना करना पड़ा है।

Chandigarh Nagar Nigam Election Results 2021:  कई दिग्गजों को मिली शिकस्त, 14 सीट जीतकर AAP की धमाकेदार एंट्री

Chandigarh Nagar Nigam Election Results 2021:  चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में इस बार कई दिग्गजों को हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मौजूदा महापौर रविकांत शर्मा को आम आदमी पार्टी (आप) के प्रत्याशी दमनप्रीत सिंह के हाथों हार मिली है। इस चुनाव में किसी को भी स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है लेकिन आम आदमी पार्टी ने सबसे अधिक 14 वार्डों में जीत हासिल की है जबकि सत्ताधारी बीजेपी 12 सीटों के साथ दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी है। वहीं कांग्रेस को महज 8 सीटें ही मिल सकी हैं।

आप का शानदार आगाज

आम आदमी पार्टी यह चुनाव पहली बार लड़ रही थी और उसने शानदार सफलता हासिल करते हुए 14 वार्डों में जीत हासिल की है। पिछले नगर निगम सदन में बहुमत हासिल करने वाली भाजपा इस बार 12 वार्डों में जीत हासिल कर दूसरे नंबर पर रही जबकि कांग्रेस के हिस्से आठ सीटें और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के हिस्से एक सीट आई है। दिल्ली के विधायक राघव चड्ढा ने अगले साल होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले अपनी पार्टी के प्रदर्शन को 'ट्रेलर' बताया। 

दिग्गज हारे चुनाव

चंडीगढ़ के मौजूदा महापौर एवं भाजपा प्रत्याशी रविकांत शर्मा को आप के प्रत्याशी दमनप्रीत सिंह के हाथों हार मिली है। शर्मा वार्ड संख्या 17 पर 828 मतों के अंतर से सिंह से हार गए। वार्ड नंबर 2 से कांग्रेस नेता हरमोहिंदर सिंह लकी भाजपा के महेशिंदर सिंह सिद्धू से 11 मतों के मामूली अंतर से हार गए। भाजपा की वरिष्ठ नेता हीरा नेगी वार्ड नंबर 22 से आप की अंजू कात्याल से 76 मतों के मामूली अंतर से हार गईं। वार्ड संख्या 25 में भाजपा युवा मोर्चा के नेता विजय कौशल राणा को आप के योगेश ढींगरा ने 315 मतों के अंतर से हराया। वार्ड का प्रतिनिधित्व पहले चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने किया था।

केजरीवाल का ट्वीट

अपनी पार्टी की जीत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, 'चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी की ये जीत पंजाब में आने वाले बदलाव का संकेत है।चंडीगढ़ के लोगों ने आज भ्रष्ट राजनीति को नकारते हुए AAP की ईमानदार राजनीति को चुना है। AAP के सभी विजयी उम्मीदवारों एवं सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई। इस बार पंजाब बदलाव के लिए तैयार है।' आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा ने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लोग उनसे ऊब चुके हैं क्योंकि बार-बार मौका दिए जाने के बावजूद वे कुछ नहीं कर पाए। चड्ढा ने कहा, 'यह सिर्फ एक ट्रेलर है। यहां के लोगों का मिजाज पंजाब चुनाव में भी दिखेगा।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!