Jharkhand: बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे का बड़ा दावा, कहा- 'इस्लामिक स्टेट बन रहा है झारखंड, NIA करे जांच'

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 8, 2022, 03:46 PM IST

Jharkhand: पिछले हफ्ते शुक्रवार को निशिकांत दुबे ने इस मामले को लोकसभा में उठाते हुए इसे बेहद गंभीर मुद्दा बताया था। उन्होंने संसद में भी बोलते हुए मामले की एनआईए जांच की मांग की थी।

Jharkhand: बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे का बड़ा दावा, कहा- 'इस्लामिक स्टेट बन रहा है झारखंड, NIA करे जांच'
Photo Credit: ANI

Jharkhand: भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे ने बड़ा दावा करते हुए आरोप लगाया है कि झारखंड राज्य को इस्लामिक स्टेट में बदला जा रहा है। बीजेपी सांसद ने इसे साजिश बताते हुए मामले की राष्ट्रीय जांच एजेंसी से जांच कराने की मांग की। लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ जेएमएम और कांग्रेस साजिश का हिस्सा हैं। 

इस्लामिक स्टेट बन रहा है झारखंड- निशिकांत दुबे

सांसद ने ये टिप्पणी झारखंड के कई उर्दू मीडियम के स्कूलों की ओर से रविवार की बजाए शुक्रवार को हफ्ते की छुट्ठी को बदलने के बाद की। हालांकि इस कदम के कारण भारी विरोध हुआ और कई स्कूलों ने रविवार को ही फिर से हफ्ते की छुट्ठी कर दी। बीजेपी सांसद ने दिल्ली में पत्रकारों से कहा कि झारखंड को इस्लामिक स्टेट में बदला जा रहा है, ये एक साजिश है। जांच के लिए एनआईए को बुलाना चाहिए। कांग्रेस और जेएमएम इसमें एक साथ हैं, वे जीतने के लिए किसी की भी मदद लेंगे, चाहे वह पाकिस्तान हो या चीन। 

 निशिकांत दुबे ने मामले में एनआईए जांच की मांग की

पिछले हफ्ते शुक्रवार को निशिकांत दुबे ने इस मामले को लोकसभा में उठाते हुए इसे बेहद गंभीर मुद्दा बताया था। उन्होंने संसद में भी बोलते हुए मामले की एनआईए जांच की मांग की थी। झारखंड के गोड्डा लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले निशिकांत दुबे ने स्कूलों में साप्ताहिक अवकाश को बदलने के कदम को इस्लामीकरण की दिशा में एक कदम बताया। केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी के सांसद ने केंद्र से सरकार के सर्व शिक्षा अभियान के तहत इन स्कूलों को जारी किए गए धन को रोकने का आग्रह किया।

बीजेपी सांसद ने लोकसभा को बताया कि अचानक पूरे झारखंड में कम से कम 1,800 स्कूलों ने अपने नाम में उर्दू शब्द शामिल कर लिया। अब झारखंड सरकार की ओर से गठित एक समिति की रिपोर्ट आई है, जिसमें कहा गया है कि रविवार को इन स्कूलों में साप्ताहिक अवकाश नहीं है। दुबे ने आरोप लगाया कि देश इस्लामीकरण की ओर बढ़ रहा है और झारखंड ने रास्ता दिखाया है।
 

End of Article