Munger : मुंगेर के एसपी कार्यालय में आगजनी और तोड़फोड़, डीएम-एसपी हटाए गए

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 29, 2020, 03:25 PM IST

लोग मुंगर की जिला अधीक्षक लिपि सिंह को हटाने की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस अधीक्षक के कहने पर पुलिस ने लोगों पर बेरहमी से लाठीचार्ज और गोलीबारी की।

Munger : मुंगेर के एसपी कार्यालय में आगजनी और तोड़फोड़, डीएम-एसपी हटाए गए
Photo Credit: ANI

पटना : दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान हुई फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो जाने के बाद मुंगेर में बवाल बढ़ता जा रहा है। अज्ञात लोगों ने गुरुवार को मुंगेर के एसपी एवं एसडीओ ऑफिस में आगजनी की। इस दौरान कई वाहनों को आगे के हवाले किया गया और आक्रोशित लोगों ने कार्यालय को क्षतिग्रस्त किया । 26 अक्टूबर को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की जान चली गई जिसके खिलाफ भीड़ प्रदर्शन कर रही थी। लोग मुंगर की जिला अधीक्षक लिपि सिंह को हटाने की मांग कर रहे थे।

ईसी ने डीएम और एसपी को हटाने का आदेश दिया
लोगों का कहना है कि पुलिस अधीक्षक के कहने पर पुलिस ने लोगों पर बेरहमी से लाठीचार्ज और गोलीबारी की। लोगों के गुस्से को देखते हुए जिलाधिकारी एवं एसपी दोनों को हटा दिया गया है। मुंगेर जिले में सोमवार की आधी रात दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुलिस के साथ झड़प में एक युवक की मौत हो गई जबकि छह से ज्यादा लोग घायल हो गए। शादीपुर में बड़ी दुर्गा के विसर्जन के दौरान पुलिस ने युवकों पर बल प्रयोग किया। इससे भीड़ उग्र हो गई। पुलिस का कहना है कि उसने बचाव में बल प्रयोग किया। गोली लगने से घायल लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। 

End of Article