Survey: PM मोदी का जलवा बरकरार, अभी चुनाव हुए तो BJP को पूर्ण बहुमत, योगी बने देश के नंबर 1 CM

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 22, 2021, 07:36 AM IST

इंडिया टुडे और कार्वी इनसाइट्स के चुनावी सर्वे में जो बात सामने निकलकर आई है उसके मुताबिक यदि देश में आज चुनाव होते हैं बीजेपी अपने दम पर फिर से बहुमत का आकंड़ा पार कर लेगी।

Survey: PM मोदी का जलवा बरकरार, अभी चुनाव हुए तो BJP को पूर्ण बहुमत, योगी बने देश के नंबर 1 CM

नई दिल्ली: देश में अगला लोकसभा चुनाव होने में अभी काफी वक्त है लेकिन एक ताजा सर्वे जो सामने आया है उसमें पीएम मोदी की लोकप्रियता उसी तरह बरकरार है जैसा चुनाव के वक्त थी। कोरोना और सीमा पर चीन के साथ चल रही तनातनी के बीच प्रधानमंत्री मोदी को इस सर्वे में देश का सबसे बेहतर प्रधानमंत्री कहा गया है जबकि इंदिरा गांधी तीसरे नंबर पर हैं। इंडिया टुडे और कार्वी इनसाइट्स के मूड ऑफ द नेशन पोल में यह बात सामने निकलकर आई है कि यदि आज चुनाव हो जाते हैं तो एनडीए एक बार फिर सत्ता पर काबिज हो जाएगा।

बीजेपी को फिर से अपने दम पर बहुमत
इस सर्वे के मुताबिक 3 जनवरी से 13 जनवरी 2021 के बीच देश में करीब 12,232 लोगों से उनकी राय पूछी गयी है जिसमें 67 फीसदी ग्रामीण तथा 33 फीसदी शहरी आबादी शामिल थी। यदि आज की तारीख में चुनाव होते हैं तो बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन को लोकसभा की 543 सीटों में 321 सीटें मिल सकती हैं जबकि बीजेपी अपने दम पर फिर से बहुमत का आकंड़ा पार करते हुए 291 सीटें जीत सकती हैं। वहीं कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूपीए को 93 सीटें मिलने का अनुमान है जबकि कांग्रेस महज 51 सीटों पर सिमट सकती हैं और अन्य के खाते में 129 सीटें आ सकती है।


योगी बने नंबर 1
इस सर्वे के दौरान जब लोगों से देश के बेस्ट सीएम को लेकर उनकी राय जानी गयी तो 25 फीसदी लोगों ने उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ को देश का सबसे बेहतर मुख्यमंत्री करार दिया जबकि दूसरे नंबर पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का नंबर आता है जिन्हें 14 फीसदी लोगों ने बेस्ट सीएम माना। वहीं चुनावी राज्य पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी इस सूची में तीसरे नंबर पर काबिज हैं जिन्हें 8 फीसदी लोगं ने बेहतर सीएम करार दिया।



मोदी कैबिनेट का सबसे बेहतर मंत्री
इस सर्वे में लोगों से मोदी कैबिनेट के सबसे बेस्ट मंत्री को लेकर सवाल पूछा गया तो 39 फीसदी लोगों ने अमित शाह को सबसे बेस्ट मंत्री कहा जबकि 14 फीसदी लोगों ने माना कि राजनाथ सबसे बेहतर मंत्री हैं। वहीं अपने नीतिन गडकरी इस सूची में तीसरे नंबर पर रहे जिन्हें 10 फीसदी लोगों ने सबसे बेस्ट मंत्री करार दिया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को भी लोगों ने पंसद किया और 8 फीसदी के साथ वह इस सूची में चौथे नंबर पर रही। 

कोरोन काल में पीएम मोदी द्वारा उठाए गए कदमों को 23 फीसदी लोगों ने शानदार बताया जबकि 50 फीसदी लोगों ने माना कि इस दौरान पीएम मोदी ने अच्छा काम किया। वहीं 18 फीसदी लोग ऐसे भी थे जिन्होंने पीएम के काम को औसत तथा 7 फीसदी लोगों ने खराब बताया।

End of Article