सुसाइड नोट में लिख गई पीड़िता- मां की कोख और श्मशान ही सुरक्षित ठिकाना, लड़कों के मां-बाप से की ये अपील

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 20, 2021, 05:36 PM IST

तमिलनाडु के चेन्नई में यौन उत्पीड़न से परेशान एक नाबालिक लड़की ने खुदकुशी कर ली। उसने सुसाइड नोट में लिखा कि सिर्फ मां की कोख और श्मशान ही सुरक्षित ठिकाना है।

सुसाइड नोट में लिख गई पीड़िता- मां की कोख और श्मशान ही सुरक्षित ठिकाना, लड़कों के मां-बाप से की ये अपील

तमिलनाडु में एक नाबालिग ने अपने सुसाइड नोट में यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए खुदकुशी कर ली। वह चेन्नई के एक स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा थी। वह पिछले हफ्ते चेन्नई के मंगडू में अपने घर में अपने कमरे की छत से लटकी हुई पाई गई थी। शनिवार को उसका सुसाइड नोट मिला। 

'इंडिया टुडे' की खबर के अनुसार, इस नोट का टाइटल था- यौन उत्पीड़न बंद करो। इसमें एक पीड़ित को होने वाले मानसिक आघात यौन उत्पीड़न के बारे में लिखा गया। उसने माता-पिता से अपने बेटों को समाज में लड़कियों का सम्मान करना सिखाने की अपील की। लेटर में लिखा था कि हर मां-बाप को अपने बेटों को लड़कियों की इज्जत करना सिखाना चाहिए। रिश्तेदारों या शिक्षकों पर भरोसा न करें। मां की कोख और श्मशान ही सुरक्षित ठिकाना है।

उसने कहा कि स्कूल या किसी रिश्तेदार का घर सुरक्षित नहीं है। उसके परिवार के सदस्यों के हवाले से कहा गया है कि उसे उसके पिछले स्कूल के किसी व्यक्ति ने परेशान किया था। कथित तौर पर स्कूल बदलने से उसका उत्पीड़न समाप्त नहीं हुआ। 

पुलिस ने कहा कि मृतक के दोस्तों ने बताया कि उसने हाल ही में उनसे दूरी बना ली थी। अपने पत्र में उसने कहा कि यौन उत्पीड़न असहनीय होता जा रहा था और इससे वह बहुत दर्द में थी लेकिन किसी ने उसे सांत्वना नहीं दी। वह अपनी पढ़ाई पर ध्यान नहीं दे पा रही थी। उसने बार-बार बुरे सपने आने और रात में ठीक से नहीं सो पाने की भी बात की। पुलिस ने मामले की जांच के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया है। उसके मोबाइल फोन कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस ने उन लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है जो उसे बार-बार फोन करते थे।

End of Article