देश

Jammu Kashmir News: पुंछ में LoC के पास लैंडमाइन ब्लास्ट से हड़कंप, गश्त के दौरान हुआ हादसा; एक अग्निवीर जख्मी

पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास शनिवार को एक बारूदी सुरंग विस्फोट में सेना का एक जवान घायल हो गया। बालाकोट क्षेत्र में गश्त के दौरान हुई इस घटना में घायल अग्निवीर की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

Image

पुंछ में LoC के पास लैंडमाइन ब्लास्ट में अग्निवीर घायल (सांकेतिक तस्वीर)

Photo : ANI

Poonch Landmine Blast: जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में शनिवार को नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास एक सीमावर्ती गांव में बारूदी सुरंग विस्फोट (लैंडमाइन ब्लास्ट) में सेना का एक जवान घायल हो गया, जबकि जंग लगी एक बारूदी सुरंग को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया गया। जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि यह विस्फोट बालाकोट क्षेत्र में सेना के एक दल के गश्ती अभियान के दौरान हुआ, जिसमें एक अग्निवीर घायल हो गया।

सैनिक को अस्पताल में भर्ती कराया गया

अधिकारियों ने बताया कि सैनिक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर बतायी गई है। घुसपैठ रोधी प्रणाली के तहत अग्रिम क्षेत्रों में बारूदी सुरंगें बिछाई गई हैं, जो कभी-कभी बारिश के कारण बह जाती हैं, जिससे इस प्रकार की दुर्घटनाएं होती हैं। एक अलग अभियान में, बलनोई क्षेत्र के साग्रा सीमावर्ती गांव में जंग लगा मोर्टार का गोला देखा गया, जिसे बाद में सेना के विशेषज्ञों द्वारा नियंत्रित विस्फोट में नष्ट कर दिया गया।

मादक पदार्थ तस्कर का मकान ध्वस्त किया गया

वहीं, जम्मू के स्थानीय प्रशासन ने मादक पदार्थों के खिलाफ जारी अपनी कार्रवाई के तहत एक कथित मादक पदार्थ तस्कर के मकान को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि बुलडोजर की मदद से शम्सदीन उर्फ पप्पी की बेलिचराना स्थित मकान को ध्वस्त किया गया और इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा 11 अप्रैल को मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने और इसमें शामिल लोगों के वित्तीय नेटवर्क को नष्ट करने के लिए शुरू किए गए 100 दिवसीय ’नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान’ का हिस्सा थी।

स्थानीय तहसीलदार ने बताया, "शम्सदीन को स्थानीय लोग पप्पी के नाम से जानते हैं। वह फिलहाल जेल में बंद है और मादक पदार्थों से संबंधित गतिविधियों में संलिप्त था और अपराध से अर्जित संपत्ति को ध्वस्त कर दिया गया है।" उन्होंने बताया कि शम्सदीन सीमावर्ती क्षेत्र आरएस पुरा का रहने वाला है और उसने बेलिचराना में मकान बनाया था। अधिकारियों के अनुसार, पिछले एक साल में जम्मू क्षेत्र में 150 से अधिक मादक पदार्थों के तस्करों की संपत्तियों को या तो जब्त कर लिया गया है या ध्वस्त कर दिया गया है। उपराज्यपाल सिन्हा ने सोमवार को पुलिस को प्रत्येक पुलिस थाने में शीर्ष मादक पदार्थ तस्करों की सूची तैयार करने और 30 दिनों के भीतर उनके गिरोह को खत्म करने के लिए कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि प्रशासन तस्करों और गिरोहों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू करेगा, जिसमें पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड और हथियार लाइसेंस रद्द करना शामिल है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article