पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ बुधवार को मॉर्निंग वॉक के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत दिल्ली के एम्स (AIIMS) के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया है। बुधवार को मॉर्निंग वॉक के दौरान बेहोश होकर गिरने के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया है।
उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। एम्स प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
जब धनखड़ बेहोश होकर गिरे और कुछ मिनट तक अचेत रहे
मॉर्निंग वॉक के दौरान जब धनखड़ बेहोश होकर गिरे और कुछ मिनट तक अचेत रहे, तो उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी उन्हें पीसीआर गाड़ी से घर ले गए। इसके बाद, आईएलबीएस (ILBS) की एक मेडिकल टीम और एम्स के डॉक्टर संदीप सेठ ने उन्हें देखा और जरूरी इलाज मुहैया कराया। हालांकि, उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए, उन्हें एम्बुलेंस से तुरंत एम्स ले जाया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: अमेरिकी चुनाव में 'ब्लू वेव' पर गदगद हुए न्यू यॉर्क के मेयर ममदानी
जगदीप धनखड़ का राजनीतिक सफर
बता दें कि जगदीप धनखड़ ने जनता दल, कांग्रेस और भाजपा जैसी कई राजनीतिक पार्टियों में अहम भूमिका निभाई। 1989 से 1991 तक, 9वीं लोकसभा में उन्होंने जनता दल के सदस्य के रूप में झुंझुनूं लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। 1991 में वे कांग्रेस में शामिल हो गए और उसी साल अजमेर लोकसभा क्षेत्र से आम चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। इसके बाद, 1993 से 1998 तक वे राजस्थान की 10वीं विधानसभा में किशनगढ़ विधानसभा सीट से विधायक रहे। 1998 में उन्होंने झुंझुनूं लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा, लेकिन तीसरे स्थान पर रहे।
उन्हें उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बनाया
इसके बाद, 2003 में वे भाजपा में शामिल हो गए और 2008 के विधानसभा चुनावों में पार्टी की चुनाव प्रचार समिति के सदस्य के रूप में सक्रिय भूमिका निभाई। 2016 में, वे भाजपा के कानूनी और विधायी मामलों के विभाग के प्रमुख रहे। जुलाई 2019 में, भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने जगदीप धनखड़ को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया। वहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार के साथ उनके तीखे राजनीतिक और प्रशासनिक टकरावों ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में ला दिया। इसके बाद, जुलाई 2022 में NDA गठबंधन ने उन्हें उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बनाया। उन्होंने भारी मतों से जीत हासिल की और देश के 14वें उपराष्ट्रपति तथा राज्यसभा के सभापति बने। हालांकि, जुलाई 2025 में, अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले ही, उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
