Rahul Gandhi, Army Chief Srinagar visit : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सेना प्रमुख जनरल द्विवेदी आज दोनों श्रीनगर के दौरे पर हैं। कांग्रेस सांसद जहां पहलगाम आतंकी हमले में घायल लोगों से अस्पताल में मिलेंगे, वहीं, जनरल द्विवेदी सेना के अधिकारियों के साथ जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा की समीक्षा और तैयारियों का जायजा लेंगे। गुरुवार शाम हुई सर्वदलीय बैठक में भी राहुल गांधी शामिल हुए और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में उन्होंने सरकार का पूरा समर्थन देने की बात कही। आतंकवादी हमले के बाद जम्मू -कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी कर दी गई है और आतंक विरोधी अभियान चलाए जा रहे हैं।
घायलों से अस्पताल में मिलेंगे राहुल
सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी शुक्रवार को अनंतनाग जिले के अस्पताल में घायलों से मिलकर उनका हाल जानेंगे। आतंकवादियों ने मंगलवार की दोपहर को कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर गोलीबारी की, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गयी। इस आतंकी हमले में मारे गये लोगों में ज्यादातर पर्यटक थे। राहुल ने संवाददाताओं से कहा कि सभी दलों ने (पहलगाम हमले की) एक स्वर में निंदा की। विपक्ष ने सरकार को कोई भी कदम उठाने के लिए समर्थन दिया। सरकार ने बृहस्पतिवार को यहां सर्वदलीय बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं को पहलगाम आतंकवादी हमले की जानकारी दी और उनके विचार सुने।
बैठक में मौजूद रहे पक्ष-विपक्ष के नेता
सरकार की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर, विदेश मंत्री निर्मला सीतारमण और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीरीजू बैठक में मौजूद थे। राजनाथ की अध्यक्षता में हुई बैठक में राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा, राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी शामिल थे।
‘उच्च सतर्कता’ बनाए रखने का निर्देश
सैन्य सूत्रों ने बताया कि शीर्ष सैन्य कमांडर सुरक्षा संबंधी विभिन्न पहलुओं पर जनरल द्विवेदी को जानकारी देंगे। यह अभी स्पष्ट नहीं है कि सेना प्रमुख पहलगाम जाएंगे या नहीं। भारत ने पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर बुधवार को पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए उसके साथ राजनयिक संबंधों में व्यापक कटौती करने, 1960 की सिंधु जल संधि स्थगित करने और अटारी चौकी को बंद किए जाने समेत कई फैसले किए। पहलगाम में नृशंस हमले में 26 लोगों की मौत के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा संबंधी कैबिनेट समिति (सीसीएस) की बैठक हुई, जिसमें इस कायरतापूर्ण हमले के प्रति भारत के जवाबी कदमों को अंतिम रूप दिया गया तथा सुरक्षा बलों को ‘उच्च सतर्कता’ बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
