देश

'PoK पर हमला कर पाकिस्तान को सिखाएं सबक'; आतंकी हमले पर अधीर रंजन की सरकार से अपील

Pahalgam Terror Attack: कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने गुरुवार को कहा कि भारत सरकार की सोच स्पष्ट है कि वह पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि सभी देशवासी चाहते हैं कि पाकिस्तान के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाए, जिससे पाकिस्तान को सबक मिले। यह कार्रवाई कड़ी से कड़ी होनी चाहिए।

Image

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी

Photo : PTI

Pahalgam Terror Attack: पहलगाम आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) की बैठक में पांच महत्वपूर्ण फैसलों पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने गुरुवार को कहा कि भारत सरकार की सोच स्पष्ट है कि वह पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। हमारे पास यह सुनहरा अवसर है कि हम पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर) पर हमला करें और पाकिस्तान को सबक सिखाएं। हालांकि, यह मेरा निजी मत है।

अधीर रंजन ने क्या कुछ कहा?

अधीर रंजन चौधरी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा कि सभी देशवासी चाहते हैं कि पाकिस्तान के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाए, जिससे पाकिस्तान को सबक मिले। यह कार्रवाई कड़ी से कड़ी होनी चाहिए। अगर जरूरत पड़ी तो हम पीओके अपने कब्जे में ले सकते हैं। जिस तरह से पहलगाम में पाकिस्तान पोषित आतंकियों ने पर्यटकों को मारा है, इसके लिए विश्व भर में पाकिस्तान की निंदा हो रही है। यह सही समय है कि पीओके पर हमला करें और पाकिस्तान को सबक सिखाएं।

उन्होंने पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि को निलंबित करने पर कहा कि जो संधि हुई थी उसका एक इतिहास है। पाकिस्तान के किसानों और आम लोगों की भलाई के लिए दोनों देशों के बीच यह करार हुआ था। इस करार में यह कहा गया था कि हम सिंधु पर बांध नहीं बना सकते हैं। अब सरकार कह रही है कि हम पानी देना बंद कर देंगे। ठीक है सरकार कह रही है तो कर सकते हैं, लेकिन पानी बंद करने के लिए तो बांध होना जरूरी है। पानी रोकने के लिए बांध कब बनाए जाएंगे, इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। हम भारत सरकार के किसी फैसले का विरोध नहीं करते हैं, लेकिन सिंधु जल संधि पर हमें इतिहास को भी देखना होगा।

'पाकिस्तान पर जवाबी कार्रवाई हों'

एक प्रश्न के उत्तर में कांग्रेस नेता ने कहा कि सीसीएस की बैठक में पांच फैसले लिए गए हैं। उनका जमीनी असर क्या होगा, आने वाले दिनों में पता चलेगा, लेकिन देशवासी इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि पाकिस्तान पर जवाबी कार्रवाई होनी चाहिए, जो घटना पहलगाम में हुई है, उसे लेकर लोग शांत नहीं बैठ सकते।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article