देश

ममता बनर्जी को एक और बड़ा झटका, अब प्रकाश बराइक ने छोड़ी पार्टी, राज्यसभा में अब TMC के रह गए 10 सांसद

प्रकाश बराइक के इस्तीफे के बाद राज्यसभा में टीएमसी के सांसदों की संख्या घटकर अब 10 रह गई है। बुधवार को लोकसभा सांसद सुष्मिता देव ने टीएसमी से इस्तीफा दे दिया। इसके पहले सुखेंदु शेखर ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।

Image

टीएमसी के राज्यसभा सांसद प्रकाश बराइक का इस्तीफा।

Photo : PTI

Prakash Baraik resignation: तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी की मुश्किलें और चुनौतियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। उन्हें झटके पर झटके लग रहे हैं। सांसद एक-एक कर उनका साथ छोड़ रहे हैं। अब राज्यसभा के सांसद प्रकाश बराइक ने टीएमसी से इस्तीफा दे दिया है। बराइक के इस्तीफे के बाद राज्यसभा में टीएमसी के सांसदों की संख्या घटकर अब 10 रह गई है। बुधवार को राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव ने टीएसमी से इस्तीफा दे दिया। इसके पहले सुखेंदु शेखर टीएमसी की राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे चुके हैं।

तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देता हूं-प्रकाश

अपने त्यागपत्र में प्रकाश ने लिखा, 'मैं राज्यसभा सदस्यता से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देता हूं। कृपया इसे स्वीकार कर लें। मैं माननीय उपसभापति महोदय और राज्यसभा सचिवालय के सभी पदाधिकारियों का राज्यसभा सदस्य के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान दिए गए सभी सहयोग और सहायता के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं।'

सुष्मिता देव ने दिया इस्तीफा

टीएमसी सांसद सुष्मिता देव ने बुधवार को पार्टी से और राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इससे पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी को एक और झटका लगा है जो राज्य विधानसभा चुनाव में हार के बाद आंतरिक विभाजन से जूझ रही है। सांसद के रूप में देव के इस्तीफे को राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन ने स्वीकार कर लिया। साल 2021 में कांग्रेस छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुईं सुष्मिता देव अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो सकती हैं। उन्होंने अपना इस्तीफा देने के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से मुलाकात की।

बगावत का सामना कर रही टीएमसी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस बगावत का सामना कर रही है। सूत्रों के अनुसार, पार्टी के कई सांसदों ने एक अलग समूह बनाने और आम आदमी पार्टी के सात सांसदों की तरह सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ जाने का फैसला किया है। आम आदमी पार्टी के सांसदों ने पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया था। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के 80 विधायकों में से अधिकतर सदस्यों ने पहले ही रिताब्रता बनर्जी के नेतृत्व में एक अलग समूह बना लिया जिन्हें राज्य विधानसभा में विपक्ष का नेता चुना गया है।

सुखेंदु शेखर राय ने पार्टी छोड़ी

तृणमूल कांग्रेस को बीते आठ जून को उस वक्त बड़ा राजनीतिक झटका लगा, जब पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य सुखेंदु शेखर राय ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के साथ ही उच्च सदन की सदस्यता भी छोड़ दी। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी में लंबे समय से जारी आंतरिक असंतोष के बीच राय का यह कदम संकेत है कि संगठन के भीतर खींचतान अब पार्टी के संसदीय दल तक भी पहुंच गई है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article