देश

बंगाल चुनाव के लिए आज 'हल्ला' बोलेगी BJP, ममता सरकार के खिलाफ जारी करेगी 'चार्जशीट', शाह रहेंगे मौजूद

कई भाजपा सूत्रों ने बताया कि शुरुआत में यह योजना थी कि पार्टी शनिवार को शाह के माध्यम से अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी करेगी, लेकिन SIR के कारण ममता सरकार के खिलाफ कमजोर पड़ रहे सत्ता-विरोधी माहौल को फिर से मजबूत करने की विशेष रणनीति के तहत इस फैसले को बदल दिया गया।

Image

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह।

Photo : PTI

West Bengal Assembly Election 2026: विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आक्रामक तेवर में आ गई है। ममता सरकार के खिलाफ वह शनिवार को बड़े अभियान की शुरुआत करने जा रही है। शुक्रवार देर रात कोलकाता पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ममता सरकार के खिलाफ कथित भ्रष्टाचार एवं कानून व्यवस्था को लेकर पार्टी के 'आरोपपत्र' अभियान को आगे बढ़ाएंगे। भाजपा सूत्रों का कहना है कि पार्टी का घोषणापत्र जारी होने से पहले ममता सरकार के खिलाफ उसका यह अभियान काफी महत्वपूर्ण है। भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था को लेकर ममता सरकार पर भाजपा काफी हमलावर रहेगी।

चुनावी घोषणापत्र जारी करने वाली थी BJP

कई भाजपा सूत्रों ने बताया कि शुरुआत में यह योजना थी कि पार्टी शनिवार को शाह के माध्यम से अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी करेगी, लेकिन SIR के कारण ममता सरकार के खिलाफ कमजोर पड़ रहे सत्ता-विरोधी माहौल को फिर से मजबूत करने की विशेष रणनीति के तहत इस फैसले को बदल दिया गया। रिपोर्टों के मुताबिक भाजपा के एक नेता ने कहा कि 'जैसे ही चार्जशीट जारी होगी, हमारे पार्टी कार्यकर्ता बंगाल के मतदाताओं के घर-घर जाकर ममता बनर्जी सरकार की विफलताओं की याद दिलाएंगे और उनके फिर से सत्ता में आने के डर को उजागर करेंगे।'

शुक्रवार आधी रात कोलकाता पहुंचे शाह

ममता सरकार को घेरने वाली भाजपा की इस चुनावी मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए गृह मंत्री शाह शुक्रवार आधी रात कोलकाता पहुंचे। हालांकि, आंधी-तूफान के कारण केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के विमान को शहर के हवाई अड्डे पर उतरने में दो घंटे की देरी हुई। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली से गृह मंत्री को लेकर आ रहे विशेष विमान को रात 11 बजकर 46 मिनट पर उतरना था। हालांकि, ’काल बैसाखी’ के प्रभाव से तेज बारिश और बिजली चमकने के कारण विमान को नदिया और उत्तर 24 परगना जिलों के हवाई क्षेत्र में कुछ समय तक चक्कर लगाना पड़ा।

देर रात एक बजकर 46 मिनट पर उतरा विमान

आखिरकार विमान देर रात एक बजकर 46 मिनट पर उतरा। शाह रात करीब दो बजे काफिले के साथ हवाई अड्डे से शहर के एक होटल के लिए रवाना हुए, जहां उनका स्वागत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के वरिष्ठ नेताओं ने किया। एक वरिष्ठ पार्टी नेता ने बताया कि शाह रात 10 बजकर 46 मिनट पर दिल्ली से रवाना हुए थे। एक दिन पहले ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अण्डाल से आने वाली उड़ान को भी इसी तरह की परिस्थितियों का सामना करना पड़ा था। बृहस्पतिवार को आंधी-तूफान के कारण उनका विमान करीब एक घंटे तक कोलकाता हवाईअड्डे पर उतर नहीं सका था और बाद में मौसम में सुधार होने पर ही उतर पाया।

शाह ने बंगाल का किया है लगातार दौरा

शनिवार दोपहर में शाह न्यू टाउन स्थित एक होटल में तृणमूल कांग्रेस नीत सरकार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आरोपों का संकलन जारी कर सकते हैं। ’अभियोगनामा’ नामक इस दस्तावेज में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के 15 वर्षों के कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार और कुशासन के कथित मामलों का संकलन किया गया है। पिछले दो महीनों में शाह ने पश्चिम बंगाल के कई दौरे किए हैं, जिनमें संगठनात्मक बैठकों, जनसभाओं और ’परिवर्तन यात्रा’ जैसे जनसंपर्क कार्यक्रमों का नेतृत्व शामिल हैं।

--

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article