देश

'फॉर्मेट, जगह और तारीखें बदल सकती हैं, पर नतीजा...', PAK के खिलाफ भारत की जीत से अमित शाह गदगद; ऐसे दी बधाई

India Vs Pakistan T20 World Cup Match: आईसीसी टी20 विश्व कप में भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ एकतरफा जीत हासिल की। इस जीत के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पीयूष गोयल सहित अन्य नेताओं ने टीम इंडिया को बधाई दी।

Image

भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ दर्ज की एकतरफा जीत (फोटो साभार: @AmitShah)

Photo : Twitter

India Vs Pakistan T20 World Cup Match: भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार को आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मैच में पाकिस्तान के खिलाफ 61 रन की एकतरफा जीत हासिल की। इस जीत की बदलौत टीम इंडिया ने सुपर 8 के लिए क्वालीफाई किया। पाकिस्तान के खिलाफ मिली जीत के बाद टीम इंडिया की चौतरफा प्रशंसा हो रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी टीम इंडिया को जमकर सराहा।

अमित शाह ने टीम इंडिया को दी बधाई

अमित शाह ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में टीम इंडिया को बधाई दी। उन्होंने कहा, ''शाबाश टीम इंडिया। टूर्नामेंट बदलते हैं, मैदान बदलते हैं, तारीखें बदलती हैं, लेकिन भारत बनाम पाकिस्तान का नतीजा एक जैसा ही रहता है। पूरी टीम को बधाई। #T20WorldCup''

भारत ने PAK के खिलाफ यादगार जीत की दर्ज

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''टीम इंडिया ने मैदान पर सच्चे धुरंधरों की तरह दबदबा बनाया! शानदार प्रदर्शन, बेहतरीन टीमवर्क और दमदार फिनिश के साथ पाकिस्तान पर यादगार जीत दर्ज की। हमें अपने चैंपियंस पर गर्व है! #T20WorldCup2026 के आगामी मुकाबलों के लिए टीम को मेरी ओर से ढेरों शुभकामनाएं।''

ईशान ने खेली तूफानी पारी

सलामी बल्लेबाज ईशान किशन के तूफानी अर्धशतक और गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन की बदौलत टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ 61 रनों की विशालकाय जीत दर्ज की। भारत के 176 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम हार्दिक पंड्या (16 रन पर दो विकेट), वरुण चक्रवर्ती (17 रन पर दो विकेट), जसप्रीत बुमराह (17 रन पर दो विकेट) और अक्षर पटेल (29 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई।

टी20 विश्व कप में यह भारत की पाकिस्तान के खिलाफ 9 मैचों में 8वीं जीत है, जबकि उसे सिर्फ एक मैच में हार का सामना करना पड़ा है। पाकिस्तान के खिलाफ मिली जीत के बाद टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों की जमकर तारीफ की और कहा कि उन्होंने वैसा ही क्रिकेट खेला जैसा वे खेलना चाहते थे।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article