देश

पाकिस्तानी आतंकियों को भारत में घुसाने वाला हाजी लतीफ गिरफ्तार, अमरनाथ यात्रा से पहले JK पुलिस को बड़ी सफलता

  • Reported by: Ankit Bhat
  • Updated Jun 30, 2026, 11:42 AM IST

Jammu Kashmir: जम्मू कश्मीर में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, पुलिस ने पाकिस्तानी आतंकियों के एक मददगार को गिरफ्तार किया है, जो सालों से आतंकियों को भारत घुसाने में मदद कर रहा था।

Image

पाकिस्तानी आतंकियों का प्रमुख मददगार हाजी लतीफ गिरफ्तार (फोटो- PTI)

Jammu Kashmir: अमरनाथ यात्रा शुरू होने से ठीक पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कठुआ पुलिस ने पाकिस्तानी आतंकियों के एक कथित प्रमुख मददगार हाजी लतीफ को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह वर्षों से सीमा पार बैठे पाकिस्तानी आतंकियों और उनके हैंडलर्स के संपर्क में था।

पाकिस्तानी आतंकियों को घुसा चुका था भारत

जांच एजेंसियों के मुताबिक, हाजी लतीफ ने 12 से अधिक पाकिस्तानी आतंकियों की भारत में घुसपैठ कराने में मदद की। उस पर आतंकियों को लॉजिस्टिक सपोर्ट, सुरक्षित ठिकाने और अन्य सहायता उपलब्ध कराने के आरोप हैं। अधिकारियों का दावा है कि वह लंबे समय से सीमा पार आतंकी नेटवर्क के लिए फैसिलिटेटर के तौर पर काम कर रहा था।

हाजी लतीफ से पूछताछ जारी

सुरक्षा एजेंसियां अब हाजी लतीफ से पूछताछ कर उसके नेटवर्क, ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGWs), घुसपैठ के रास्तों और सीमा पार आतंकी ढांचे से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण सुराग जुटाने में लगी हैं। अमरनाथ यात्रा से पहले इस गिरफ्तारी को सुरक्षा के लिहाज से एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है।

अमरनाथ यात्रा आरंभ

जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को दक्षिण कश्मीर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर में ’प्रथम पूजा’ की, जिसके साथ तीन जुलाई से शुरू हो रही वार्षिक अमरनाथ यात्रा की औपचारिक शुरुआत हो गयी। 57 दिनों की अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई को दो पारंपरिक मार्गों – अनंतनाग जिले में पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले में बालटाल मार्ग से औपचारिक रूप से शुरू होगी। अमरनाथ यात्रा के लिए मौके पर पंजीकरण कराने वाले श्रद्धालुओं को टोकन का वितरण मंगलवार से शुरू होगा, जबकि पंजीकरण की प्रक्रिया अगले दिन से आरंभ होगी। श्रद्धालुओं का पहला जत्था दो जुलाई को जम्मू स्थित भगवती नगर यात्री निवास से रवाना होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंजीकरण, आवास, स्वच्छता, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन सहित व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Ankit Bhat
Ankit Bhat author

और देखें

End of Article