उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। जहां एक ओर भाजपा के नेता समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर हमला बोल रहे हैं, वहीं सपा पलटवार कर रही है। इसी क्रम में रविवार यानी आज समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने आगरा की धरती से भाजपा और योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। आगरा में आयोजित पीडीए दलित सम्मेलन में बोलते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की सत्ता से भाजपा की विदाई तय है। उन्होंने कहा कि मैं देख रहा हूँ जब से पीडीए की ताक़त बढ़ी है और जब से पीडीए ने भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश में हराया है वो तमाम तरह के साजिश और षड्यंत्र कर रहे हैं। गृहमंत्री शाह के बयान पर पलटवार करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जो अंगद का पैर बता रहे थे,इस दलित सम्मेलन के बाद उनके पास जमीन ही नहीं बचेगी। दरअसल, हाल ही में एक जनसभा के दौरान अमित शाह ने यूपी में भाजपा सरकार को अंगद का पांव बताते हुए कहा था कि प्रदेश की सत्ता में भाजपा बरकरार रहेगी।
दलित सम्मेलन के बाद नहीं बचेगी जमीन
पीडीए दलित सम्मेलन में बोलते हुए उन्होंने कहा कि जो अंगद का पैर बता रहे थे, इस दलित सम्मेलन के बाद उनके पास जमीन ही नहीं बचेगी। जब जमीन ही नहीं होगी तो अंगद का पैर कहां रखोगे आप? यूपी के पूर्व सीएम रहे यादव ने कहा कि इस बार दलित भाजपा को दल देगा। यह दलित समाज हमेशा-हमेशा के लिए भारतीय जनता पार्टी का सफाया करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि 10 साल में भेदभाव की सरकार चली है, जब से भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई है दलित समाज पर उत्पीड़न हुआ है। सबसे ज्यादा अन्याय, उत्पीड़न दलितों पर कहीं हुआ है तो उत्तर प्रदेश में हुआ है। उन्होंने कहा कि वैसे तो बहस जो चल रही है वह यह है कि कभी-कभी भारतीय जनता पार्टी के लोग हमारे PDA की परिभाषा बदलते हैं।
मैं देख रहा हूं जब से पीडीए की ताक़त बढ़ी है और जब से पीडीए ने भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश में हराया है वो तमाम तरह के साजिश और षड्यंत्र कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने PDA का मतलब समझाते हुए कहा लेकिन जो जन समर्थन मैं देख रहा हूं मैं कह सकता हूं PDA के D का मतलब अब दमदार दलित हो गया है।
दलितों के उत्पीडन का लगाया आरोप
अखिलेश यादव ने प्रदेश की योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज ये दलितों के लिए चिंतित हैं, लेकिन एक और भी सच्चाई है वह यह कि बाबा साहेब आंबेडकर की मूर्तियां भी इन्होंने तोड़ने का काम किया है। लगभग 200 बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जी की मूर्तियां ये लोग तोड़ चुके हैं। वह केवल मूर्ति नहीं तोड़ते हैं सबसे पहले बाबा साहब के हाथ में जो संविधान की किताब है उस पर हमला करते हैं। उन्होंने हमला बोलते हुए कहा कि संविधान है तो सम्मान है, संविधान है तो हक है और संविधान है तो लोकतंत्र बचेगा।
आगे उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए काशी में मिली हार को लेकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि काशी में डबल इंजन की सरकार को डबल जीरो मिला है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के समर्थन वाले प्रत्याशी को हराने के लिए प्रशासन और सरकार ने पूरी ताकत लगा दी। प्रत्याशी को अपमानित किया गया और उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए।
अखिलेश यादव ने कहा कि जिस प्रत्याशी के साथ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता खड़े थे,उसे हराने के लिए प्रशासन ने पूरा दिन, पूरी रात और अगला दिन तक लगा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब इसलिए किया गया ताकि समाजवादी पार्टी समर्थित प्रत्याशी चुनाव न जीत सके।
जेन जी और जेन अल्फा ने सरकार को झुकाया
अखिलेश यादव ने दिल्ली में हुए आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि जेन जी और जेन अल्फा सरकार के खिलाफ हैं। उन्होंने दावा किया कि युवाओं ने अपने आंदोलन के जरिए सरकार को झुकने पर मजबूर कर दिया।पेपर लीक के लिए भाजपा को ठहराया जिम्मेदार
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में पेपर लीक और परीक्षाएं रद्द होने के मामलों को लेकर भी भाजपा सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं के पेपर लीक होना और उनका रद्द होना महज संयोग नहीं है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी खुद पेपर लीक कराने का काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 20 से ज्यादा पेपर लीक हुए हैं और इसके पीछे सरकार में बैठे लोग जिम्मेदार हैं।
