अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि पिछले सप्ताह जयपुर गिरफ्तार की गई 38 वर्षीय महिला कथित तौर पर नेपाल के रास्ते पाकिस्तान जाने की तैयारी कर रही थी ताकि वह एक संदिग्ध आतंकवादी कमांडर से शादी कर सके। ये कमांडर प्रतिबंधित जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख मसूद अजहर का करीबी सहयोगी माना जाता है। अधिकारियों ने बताया कि महिला को भावनात्मक रूप से बहकाया गया और एक मुस्लिम उपदेशक ने ऑनलाइन ही उसका इस्लाम में धर्म परिवर्तन कर दिया।
बबीता धाकड़ उर्फ खदीजा के फोन में मिले कई आतंकियों के नंबर
अधिकारियों ने बताया कि महिला, जिसकी पहचान बबीता धाकड़ उर्फ खदीजा के रूप में हुई है, कई हफ्तों से सैन्य खुफिया एजेंसियों की निगरानी में थी। उसे रविवार को राजस्थान पुलिस के आतंकवाद विरोधी दस्ते ने गिरफ्तार किया और उस पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। बबीता 27 जून तक पुलिस हिरासत में है। अधिकारियों ने बताया कि उसके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के फोरेंसिक विश्लेषण से कई पाकिस्तानी नंबर मिले, जिनमें जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख के करीबी रिश्तेदार यूसुफ अजहर और भारत में कई अपराधों के लिए वांछित कारी जरार के नंबर शामिल हैं।
पहलगाम हमले के बाद उसने सोशल मीडिया खंगाला
अधिकारियों ने पीटीआई को बताया कि जांच के दौरान, जयपुर के सीतापुरा इलाके में अपने माता-पिता के घर में रहने वाली बबीता के पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन के सदस्यों और समर्थकों से संबंध पाए गए। बबीता ने बताया कि 2025 में पहलगाम हमले के बाद उसने सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी आतंकवादियों की तलाश शुरू की और धीरे-धीरे चरमपंथी संगठनों से जुड़े कई लोगों से संपर्क स्थापित किया। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसने पहले पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से संबंधित फेसबुक पेज ब्राउज करना शुरू किया और ऐसे पेज के फॉलोअर्स को बेतरतीब ढंग से फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजीं। समय के साथ, जिज्ञासावश वह कई लोगों से जुड़ गई।
जांच से जुड़े एक अधिकारी ने बताया, उसके मोबाइल फोन और सोशल मीडिया खातों की जांच से कई पाकिस्तानी नागरिकों और जैश-ए-मोहम्मद के सदस्यों से कथित रूप से जुड़े प्रोफाइलों के साथ संपर्क का पता चला। वह फेसबुक मैसेंजर और व्हाट्सएप के जरिए पाकिस्तान स्थित कई लोगों से बातचीत कर रही थी। सूत्रों ने बताया, प्रतिबंधित संगठन के सदस्यों से जुड़े चैट, वीडियो और संपर्क विवरण उसके डिवाइस से बरामद किए गए हैं। उसने कबूल किया है कि उसने जैश-ए-मोहम्मद के एक सदस्य के साथ भारतीय मोबाइल नंबरों से जुड़े वन-टाइम पासवर्ड (ओटीपी) साझा किए थे, जिससे वह उन नंबरों का इस्तेमाल वहां के सोशल मीडिया और संचार प्लेटफॉर्म पर कर सकी।
अबू उबैदा से दोस्ती हो गई
कुछ समय बाद, उसकी अबू उबैदा से दोस्ती हो गई, जिसने उससे बातचीत शुरू की। सूत्रों ने एफआईआर का हवाला देते हुए कहा, उसने दावा किया कि अबू उबैदा के साथ उसके भावनात्मक संबंध बन गए और मुजाहिदीन के प्रति अपनी प्रशंसा के कारण वह पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद में दिलचस्पी लेने लगी। वह अक्सर संगठन के सदस्यों या समर्थकों द्वारा अपलोड किए गए हथियारों से संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट और रील देखती और लाइक करती थी।
अबू उबैदा उससे शादी करना चाहता था
एफआईआर में कहा गया है- उस महिला ने बताया कि अबू उबैदा उससे शादी करना चाहता था और उसे नमाज पढ़ने और कुरान पढ़ने सहित इस्लामी शिक्षाओं को सीखने और उन पर अमल करने के लिए प्रोत्साहित करता था। उसे जैश-ए-मोहम्मद के लिए काम करने के लिए पाकिस्तान बुलाया गया था। इस प्रक्रिया के तहत, उसे पासपोर्ट बनवाने के लिए कहा गया था। उसने अबू उबैदा और मौलवी से यात्रा व्यवस्था के बारे में बात की, जिन्होंने नेपाल, सऊदी अरब या संयुक्त अरब अमीरात के रास्ते सुझाए। उन्होंने क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से उसके यात्रा खर्चों के वित्तपोषण पर भी चर्चा की, जिसके बाद उसने क्रिप्टोकरेंसी से संबंधित एप्लिकेशन डाउनलोड किए और इस विषय पर ऑनलाइन शोध किया।
अबू उबैदा के साथ कई घंटे चैट और वीडियो कॉल पर बिताए
सूत्रों ने बताया कि महिला ने स्वीकार किया कि उसने अपने भारतीय मोबाइल नंबरों पर प्राप्त वन-टाइम पासवर्ड (ओटीपी) अपने पाकिस्तानी हैंडलर के साथ साझा किए थे ताकि वह वहां उसके नंबरों पर व्हाट्सएप का इस्तेमाल कर सके। बबिता ने अबू उबैदा के साथ कई घंटे चैट और वीडियो कॉल पर बिताए। बाद में उसे पता चला कि वह शादीशुदा है, जिससे वह निराश हो गई।
उसने यह भी दावा किया कि बबीता ने ऑनलाइन विस्फोटक बनाने के तरीकों की खोज की थी और उसे उसके पाकिस्तानी हैंडलर से भारत में सक्रिय नेटवर्क के बारे में जानकारी मिली थी। हालांकि, उसके मोबाइल का विस्तृत तकनीकी विश्लेषण उसके द्वारा दी गई जानकारी की सत्यता की पुष्टि करेगा। सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसने कोई पश्चाताप नहीं दिखाया। वह महिला पांच भाई-बहनों में तीसरी है। अधिकारियों ने बताया कि उसकी शादी 2018 में हुई थी, लेकिन थोड़े ही समय में वह अपने पति से अलग हो गई थी।
