OMG: जब भी कोई पालतू जानवर घर लाया जाता है, तो उसे परिवार के सदस्य की तरह प्यार और सुरक्षा देने का वादा किया जाता है। लेकिन सिंगापुर से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसे पढ़कर किसी भी इंसान की रूह कांप जाएगी। एक महिला ने जिस बेदर्दी से बेजुबान बिल्लियों को मौत के मुंह में धकेला, उसने पूरी दुनिया के एनिमल लवर्स को हिलाकर रख दिया है। यह कहानी है एक ऐसे फ्लैट की, जो धीरे-धीरे घर न रहकर किसी हॉरर मूवी का सेट या गैस चैंबर बन गया था। आइए जानते हैं इस सनसनीखेज मामले की पूरी अंदर की कहानी।
इस खौफनाक वाकये की जड़ें साल 2018 में जुड़ी हैं, जब नूरुल नादिया नूर मोहम्मद और उनके तत्कालीन पति खैरुल नईम जैनोल ने सिंगापुर के बुकित पंजांग इलाके में एक फ्लैट खरीदा था। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था। साल 2019 में इस कपल ने कुछ बिल्लियां पालनी शुरू कीं। लेकिन, उन्होंने उनकी नसबंदी कराने की जहमत नहीं उठाई। नतीजा यह हुआ कि देखते ही देखते बिल्लियों की संख्या बढ़कर 71 तक पहुंच गई। इतने सारे जानवरों को संभालने के बजाय कपल ने अप्रैल 2022 में एक ऐसा खौफनाक कदम उठाया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी। वे सभी 71 बिल्लियों को उसी फ्लैट में बंद करके अपने माता-पिता के घर शिफ्ट हो गए। घर के मालिक तो ऐश की जिंदगी जीने चले गए, लेकिन उन 71 बेजुबानों की जिंदगी नर्क बन गई। कुछ समय बाद बिल न चुकाए जाने के कारण उस फ्लैट का बिजली और पानी का कनेक्शन काट दिया गया।
दिल दहलाने वाला मंजर
शुरुआत में पूर्व पति खैरुल कभी-कभार खाना देने आता था, लेकिन फ्लैट की हालत इतनी बदतर हो गई कि उसने अंदर जाना ही बंद कर दिया। वह सिर्फ दरवाजे के बाहर थोड़ा-बहुत खाना रखकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेता था। पूरा घर मल-मूत्र और तीखी अमोनिया की बदबू से पट चुका था। बेजुबान आपस में लड़ने और तड़पने को मजबूर हो गए। इस अमानवीयता का खुलासा 20 फरवरी 2024 को हुआ। एक सतर्क पड़ोसी ने फ्लैट के बाहर एयर-कंडीशनर के छज्जे पर एक बेहद लाचार और कमजोर बिल्ली को फंसे हुए देखा। शक होने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों और एनिमल वेलफेयर एजेंसियों को सूचना दी गई। जब प्रशासन की टीम ने मास्टर चाबी से दरवाजा खोला, तो अंदर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। फ्लैट के अंदर 61 जिंदा बिल्लियां मिलीं, जिनकी हालत इतनी खराब थी कि वे ठीक से खड़ी भी नहीं पा रही थीं। जांच में 3 बिल्लियों के सड़े हुए शव, 6 खोपड़ियां और हड्डियों से भरा एक पूरा बैग बरामद हुआ। रेस्क्यू की गई सभी 61 बिल्लियां गंभीर रूप से डिहाइड्रेटेड थीं, जिनमें से 44 अत्यधिक कुपोषित और 9 मौत के बिल्कुल करीब थीं। जैसे ही यह खबर इंटरनेट पर वायरल हुई, सोशल मीडिया यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा। एक यूजर ने लिखा कि दो साल तक अंधेरे और गंदगी में 71 बेजुबानों को मरने के लिए छोड़ देना किसी सुनियोजित हत्या से कम नहीं है, 16 हफ्ते की सजा बहुत कम है। एक अन्य यूजर ने कमेंट किया कि फ्लाइट या घर के अंदर जानवरों के कंकाल मिलने की बात पढ़कर ही रोंगटे खड़े हो गए। ऐसे लोगों को जिंदगी भर के लिए जेल में डाल देना चाहिए।
