Mumbai Traffic Advisory: ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस ऑफ वेल्स केट मिडलटन मुंबई का दौरा करने वाले हैं। उनके दौरे को देखते हुए ट्रॉफिक एडवाइजरी जारी की गई है। ट्रैफिक पुलिस ने साउथ मुंबई के कई इलाकों में ट्रैफिक प्रतिबंधों, सड़क बंद करने और पार्किंग पर पाबंदियों का ऐलान किया है। यह प्रतिबंध 16 से 19 नवंबर तक लागू रहेंगे।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, प्रिंस विलियम और कैथरीन 16 से 18 नवंबर तक मुंबई में रहेंगे। इस दौरान वे अर्थशॉट प्राइज समिट और अवॉर्ड नाइट में शामिल होंगे। उनके दौरे के मद्देनजर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और जाम की स्थिति से बचने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। हालांकि, एंबुलेंस, दमकल विभाग, पुलिस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को इन प्रतिबंधों से छूट दी गई है।
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (साउथ ट्रैफिक) हेमराज सिंह राजपूत की ओर से मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जारी आदेशानुसार, सोमवार को कई प्रमुख मार्गों पर विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी।
आम लोगों के लिए बंद रहेगा ये रास्ता
मदाम कामा रोड से हुतात्मा राजगुरु चौक पर फ्री प्रेस रोड की ओर जाने वाला दायां मोड़ और इसी चौराहे पर फ्री प्रेस नॉर्थबाउंड रोड से फ्री प्रेस रोड साउथबाउंड की ओर जाने वाला यू-टर्न केवल वीआईपी वाहनों के लिए खुला रहेगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: कैंसर से उबरने के बाद भारत आएंगी केट मिडलटन
शहीद भगत सिंह मार्ग से अवतारसिंह बेदी चौक की ओर जाने वाले वाहनों को वॉलचंद हीराचंद मार्ग और बल्लार्ड पियर के ड्रॉपिंग पॉइंट की तरफ दायां मोड़ लेने की अनुमति नहीं होगी। यह ड्रॉपिंग पॉइंट केवल वीवीआईपी काफिलों के लिए खुला रहेगा। इसके अलावा एन मोराजी रोड पर आम वाहनों की उत्तर-दक्षिण आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।
कई सड़कों पर पार्किंग भी प्रतिबंधित
ट्रैफिक पुलिस ने साउथ मुंबई की कई सड़कों पर पार्किंग व्यवस्था में भी बदलाव किया है। विनय के शाह मार्ग (एनसीपीए चौक से मुरली देवड़ा चौक तक) और दोराबजी टाटा रोड (गेंडा पॉइंट से मुरली देवड़ा चौक तक) पर 24 घंटे के लिए पे-एंड-पार्क सुविधाएं निलंबित रहेंगी।
इसके अलावा सोमवार को एन मोराजी रोड, जेएन हेरिडिया मार्ग और वॉलचंद हीराचंद मार्ग पर वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे 16 से 19 नवंबर के बीच अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और निर्धारित प्रतिबंधों को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
