अध्यात्म

बाबा बर्फानी की पहली झलक आई सामने, पूर्ण आकार में दिखाई दिया पवित्र शिवलिंग, 3 जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा

Amarnath Yatra 2026 : जम्मू-कश्मीर स्थित अमरनाथ पवित्र गुफा से बाबा बर्फानी की पहली झलक भक्तों के सामने आ गई है। श्री अमरनाथ साइन बोर्ड ने साल 2026 में बाबा अमरनाथ की पहली तस्वीर साझा की है।

Image

अमरनाथ भगवान की पहली फोटो आई सामने

Amarnath Yatra 2026 : 3 जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा से पहले बाबा बर्फानी की पहली तस्वीर आ गई है। इसके साथ ही बाबा अमरनाथ यात्रा 2026 की तैयारियां और तेज हो गई हैं। श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड (SASB) ने पवित्र अमरनाथ गुफा में विराजमान बाबा बर्फानी यानी हिम शिवलिंग की नई तस्वीर जारी की है। इस बार बाबा बर्फानी का शिवलिंग पूर्ण आकार में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है, जिसे देखकर श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल है।

बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा में हर साल प्राकृतिक रूप से बनने वाले हिम शिवलिंग के दर्शन के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। मान्यता है कि भगवान शिव स्वयं यहां हिम के स्वरूप में विराजमान होते हैं और भक्तों को आशीर्वाद देते हैं। इस वर्ष अमरनाथ यात्रा की शुरुआत 3 जुलाई 2026 से होने जा रही है। इससे पहले पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी की प्रथम पूजा संपन्न हो चुकी है।

पवित्र गुफा में प्रथम पूजन संपन्न

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पवित्र अमरनाथ गुफा में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा बर्फानी की प्रथम पूजा की।इस दौरान उन्होंने बाबा अमरनाथ से देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण की प्रार्थना की। प्रथम पूजा के दौरान पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा देखने को मिली। हर हर महादेव के जयघोष के साथ बाबा अमरनाथ यात्रा के सफल आयोजन की कामना की गई।

उपराज्यपाल ने कहा कि 3 जुलाई से शुरू होने वाली यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए प्रशासन, श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड, सेना, पुलिस, सुरक्षा बल, स्थानीय लोग और स्वयंसेवक मिलकर काम कर रहे हैं।

पूर्ण आकार में नजर आए बाबा बर्फानी

श्राइन बोर्ड द्वारा जारी की गई तस्वीर में बाबा बर्फानी का हिम शिवलिंग पूर्ण आकार में दिखाई दे रहा है। श्रद्धालुओं के लिए यह तस्वीर किसी दिव्य दर्शन से कम नहीं है। अमरनाथ गुफा में प्राकृतिक रूप से बनने वाला यह शिवलिंग चंद्रमा की कलाओं के साथ बढ़ने और घटने के लिए प्रसिद्ध है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान शिव ने इसी पवित्र गुफा में माता पार्वती को अमर कथा सुनाई थी।

3 जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा

समुद्र तल से करीब 3888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित बाबा अमरेश्वर धाम की यात्रा इस बार 3 जुलाई से शुरू होगी। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है। अमरनाथ यात्रा के लिए अब तक लाखों श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए कई विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए आधारभूत ढांचे में सुधार किया गया है। ठहरने, स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

यात्रियों के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम

अमरनाथ यात्रा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। यात्रा मार्ग और संवेदनशील क्षेत्रों में बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है।

इस बार सभी यात्रियों और सेवा प्रदाताओं के लिए RFID कार्ड अनिवार्य किए गए हैं। इसके माध्यम से यात्रियों की वास्तविक समय में निगरानी की जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। इसके अलावा दुर्घटना बीमा कवर को भी बढ़ाया गया है। इस वर्ष पंजीकृत तीर्थयात्रियों और सेवा प्रदाताओं के लिए बीमा कवर को 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये किया गया है।

जम्मू और श्रीनगर में होंगे विशेष आयोजन

श्रद्धालुओं के आध्यात्मिक अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए इस बार जम्मू और श्रीनगर के चुनिंदा स्थानों पर विशेष लेजर और साउंड शो का आयोजन भी किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान आध्यात्मिक अनुभव के साथ बेहतर सुविधाएं भी मिल सकें।

क्यों खास है बाबा अमरनाथ यात्रा

हिंदू धर्म में बाबा अमरनाथ यात्रा का विशेष महत्व माना जाता है। मान्यता है कि भगवान शिव ने इसी गुफा में माता पार्वती को अमरत्व का रहस्य बताया था। इस कारण यह स्थान भगवान शिव के प्रमुख तीर्थों में शामिल है। बाबा बर्फानी के दर्शन को भक्त अपने जीवन का सौभाग्य मानते हैं। हर साल कठिन रास्तों और चुनौतीपूर्ण मौसम के बावजूद लाखों श्रद्धालु भोलेनाथ के दर्शन के लिए अमरनाथ पहुंचते हैं। बाबा अमरनाथ की यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं बल्कि आस्था, विश्वास और भक्ति का प्रतीक भी मानी जाती है। इस बार भी श्रद्धालु हर हर महादेव के जयघोष के साथ बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए उत्सुक हैं।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article