देश

'भाजपा के राज में भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूटे...' बोले समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने कहा कि ‘‘ढहते बुनियादी ढांचे’’ का जिक्र करते हुए जल जीवन मिशन का उदाहरण दिया और दावा किया कि राज्य के विभिन्न जिलों में पानी की टंकियां ढह रही हैं, पाइप लाइन फट रही हैं, सड़कें दरक रही हैं, पुल एवं पुलिया भी टूट रही हैं।

Image

अखिलेश यादव (फाइल फोटो: PTI)

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के शासन में भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूट जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार में झूठी बयानबाजी और कागजी बैठकों के अलावा कुछ नहीं हो रहा।यादव ने एक बयान ने कहा, 'भाजपा के राज में भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं। हर विभाग और हर कार्य में भ्रष्टाचार एवं लूट है। निर्माण कार्यों में कमीशनखोरी के कारण कोई काम मानक के अनुसार नहीं हो रहा।'

यादव ने कहा कि बारिश शुरू होते ही गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के निर्माण में भ्रष्टाचार उजागर हो गया।उन्होंने कहा, 'सात हजार करोड़ से ज्यादा लागत से कई वर्षों में बनी सड़क दरक गयी। चित्रकूट में करोड़ों रूपये की लागत से बने पुलों तक पहुंचने के मार्ग धंस गए। भाजपा सरकार में जनता के पैसे को लूटा जा रहा है। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार की सारी हदें पार हो चुकी हैं।'

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सरकार में 'झूठी बयानबाजी और कागजी बैठकों'के अलावा कुछ नहीं हो रहा।उन्होंने कहा, 'भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार की कहानी बहुत लंबी है। अवैध खनन एवं प्राकृतिक संसाधनों की लूट जारी है। स्थानांतरण एवं तैनाती में हुआ भ्रष्टाचार पहले ही सबके सामने आ चुका है। निवेश परियोजनाओं और ‘इंवेस्ट यूपी’ में कमीशनखोरी जगजाहिर हो चुकी है। पुलिस थाने और राजस्व कार्यालय पहले से ही भ्रष्टाचार के अड्डे बन चुके हैं।'

यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला करते हुए कहा, 'मुख्यमंत्री के तेवर सिर्फ दिखावे के हैं। सरकार में ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचारियों को संरक्षण प्राप्त है। लोग त्रस्त हैं। नाले-नालियों की सफाई तक में लूटपाट की जा रही है। राजधानी लखनऊ में ही हल्की बरसात होते ही नाले उफन जाते हैं। शहर के मुख्य मार्गों तक में जल भराव के हालात बन रहे हैं। लोग बेबसी में जीवनयापन करने को मजबूर हैं। लोग नालों में बहे जा रहे हैं।'

उन्होंने कहा कि लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में प्रशासन की लापरवाही के कारण खुले नाले में गिरने से सुरेश लोधी नाम के व्यक्ति की दुःखद मौत बहुत ही हृदय विदारक घटना है।उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा सरकार की संवेदनहीनता की यह पराकाष्ठा है। प्रदेश के अन्य शहरों में भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। इन सबके लिए भाजपा सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है।’’यादव ने दावा किया कि प्रदेश की जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के भ्रष्टाचारी शासन को हटाकर विकास के नये युग की शुरुआत करेगी।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article