देश

नगर निगम चुनाव: महाराष्ट्र में होगा बड़ा खेला! अजित पवार और सुप्रिया सुले ने जारी किया संयुक्त घोषणापत्र

पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम चुनावों से पहले एनसीपी और एनसीपी (शरद गुट) के नेता अजित पवार और सुप्रिया सुले एक साथ सामने आए और दोनों शहरों के लिए साझा चुनावी घोषणापत्र जारी किया। घोषणापत्र में शहरी बुनियादी ढांचे, नागरिक सुविधाओं और प्रशासनिक सुधारों पर जोर दिया गया है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, दोनों गुटों का एक मंच पर आना महाराष्ट्र की राजनीति में अहम संकेत माना जा रहा है।

Image

पुणे-पिंपरी चुनाव से पहले साथ आए अजित पवार और सुप्रिया सुले, साझा घोषणापत्र जारी।(फोटो सोर्स: ANI)

Photo : ANI

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की राजनीति में एक दिलचस्प मोड़ आ चुका है। शनिवार को एनसीपी और एनसीपी (शरद गुट) के दो बड़े नेता यानी अजीत पवार और सुप्रिया शुले ने एक साथ मिलकर मीडिया का संबोधित किया। दरअसल, पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम चुनावों से पहले एनसीपी के दोनों गुट एक साथ नजर आ रहे हैं। दोनों नेताओं ने पुणे में संयुक्त प्रेस वार्ता कर दोनों नगर निगमों के लिए साझा चुनावी घोषणापत्र जारी किया। साल 2023 के बाद पहली बार दोनों नेता एक साथ राजनीतिक मंच साझा करते नजर आए।

साल 2023 में दो हिस्सों में बंट गई NCP

बता दें कि साल 2023 में एनसीपी दो हिस्सों में बंट गई थी। 2 जुलाई 2023 को पार्टी के वरिष्ठ नेता अजित पवार ने एकनाथ शिंदे और बीजेपी के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार में शामिल होकर उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके साथ ही एनसीपी में औपचारिक विभाजन हो गया और पार्टी दो गुटों में बंट गई, एक गुट अजित पवार के नेतृत्व में और दूसरा शरद पवार के नेतृत्व में, जिसे बाद में एनसीपी (शरद पवार गुट) या NCP-SCP के नाम से जाना गया। इस विभाजन के बाद पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर दोनों गुटों के बीच कानूनी और राजनीतिक संघर्ष भी देखने को मिला।

घोषणापत्र में क्या-क्या है?

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दोनों नेताओं ने शहरी बुनियादी ढांचे, नागरिक सुविधाओं और प्रशासनिक सुधारों को लेकर अपनी प्राथमिकताओं को रखा। घोषणापत्र में जल आपूर्ति, सड़क निर्माण, सार्वजनिक परिवहन, स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन और डिजिटल नागरिक सेवाओं को मजबूत करने जैसे मुद्दों को शामिल किया गया है।

सुप्रिया सुले और अजित पवार ने क्या-क्या कहा?

सुप्रिया सुले ने कहा कि पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ जैसे महानगरों को तेजी से बढ़ती आबादी के अनुरूप योजनाबद्ध विकास की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि घोषणापत्र तैयार करते समय नागरिकों से मिले सुझावों को प्राथमिकता दी गई है। वहीं अजित पवार ने कहा कि नगर निगमों में पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने दावा किया कि साझा घोषणापत्र विकास कार्यों को गति देने में सहायक साबित होगा।

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, नगर निगम चुनावों से पहले दोनों नेताओं का एक साथ मंच साझा करना महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। खासकर ऐसे समय में जब एनसीपी के दोनों गुटों के बीच लंबे समय से राजनीतिक मतभेद रहे हैं। पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और इस साझा पहल पर सभी दलों की नजर बनी हुई है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article