मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई कार्यक्रम से पहले सुरक्षा व्यवस्था में सेंध का मामला सामने आया है। यहां सिक्योरिटी ब्रेक करने की कोशिश में मुंबई पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के इलाके से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें से एक युवक ने कथित तौर पर खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का अधिकारी बताया था। उसके पास मौजूद PMO का पहचान पत्र सुरक्षा जांच के दौरान नकली पाया गया।
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए 24 वर्षीय युवक की पहचान रोहन पारेख के तौर पर हुई है। उसे मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित कल्चरल सेंटर से हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि वह खुद को PMO अधिकारी बताकर वहां पहुंचा था।
जांच के दौरान उसके पास मौजूद पहचान पत्र की जांच की गई तो वह फर्जी निकला। पुलिस ने बताया कि पारेख के साथ एक बॉडीगार्ड भी मौजूद था। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
क्राइम ब्रांच कर रही मामले की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई क्राइम ब्रांच ने जांच अपने हाथ में ले ली है। दोनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे कार्यक्रम स्थल तक कैसे पहुंचे और उनका मकसद क्या था।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फर्जी PMO पहचान पत्र कहां से तैयार कराया गया और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
