देश

मणिपुरी संगीतकार सी. विक्रम सिंह हत्याकांड में 8 से 9 दिन में दाखिल होगी चार्जशीट, किरेन रिजिजू बोले- कोई कसर नहीं छोड़ेंगे

C. Vikram Singh Murder Case: दक्षिण दिल्ली में मणिपुरी संगीतकार सी. विक्रम सिंह की हत्या के मामले में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस ने आठ से नौ दिनों के अंदर मामले में चार्जशीट दाखिल करने का आश्वासन दिया है और जांच पर वह खुद नजर रख रहे हैं।

Image

मणिपुरी संगीतकार सी. विक्रम सिंह हत्याकांड में बड़ा अपडेट

Photo : PTI

C. Vikram Singh Murder Case: केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि दक्षिण दिल्ली में मणिपुरी संगीतकार सी. विक्रम सिंह की हत्या के मामले में आठ से नौ दिन के अंदर चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी। उन्होंने इस घटना में शामिल लोगों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की। रिजिजू ने बताया कि उन्होंने दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से बात की है, जिनमें वे अधिकारी भी शामिल हैं, जो पूर्वोत्तर के लोगों से जुड़े मामलों को देखते हैं, और वह खुद इस जांच पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "पुलिस ने मुझे भरोसा दिलाया है कि आठ से नौ दिन के अंदर आरोपपत्र दाखिल कर दिया जाएगा।" उन्होंने कहा कि जांच अधिकारी आरोपियों के खिलाफ मजबूत मामला तैयार करने में "कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।"

सात लोगों को गिरफ्तारी, एक नाबालिग हिरासत में

मणिपुर के रहने वाले 54 वर्षीय संगीतकार सी. विक्रम सिंह कई वर्षों से किलोकरी गांव में रह रहे थे। सोमवार सुबह कुछ लोगों ने उन पर उस वक्त कथित तौर पर हमला कर दिया, जब उन्होंने अपने अपार्टमेंट के बाहर शोर मचाने और शराब पीने पर आपत्ति जताई थी। इस घटना में सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को पकड़ा है।

संगीतकार की मौत बेहद दुर्भाग्यपूर्ण

रिजिजू ने कहा कि आठों आरोपी अलग-अलग राज्यों से हैं, जिनमें झारखंड, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश और बिहार शामिल हैं। सिंह की मौत को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मंत्री ने कहा कि घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की और आरोपियों का पता लगाया। उन्होंने कहा, "कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए।" रिजिजू ने कहा कि पुलिस अधिकारी सिंह के परिवार के संपर्क में हैं और उनके शव को बुधवार को विमान से इंफाल ले जाने की व्यवस्था कर ली गई है।

'घटना का राजनीतिकरण नहीं किया जाए'

कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा पूर्वोत्तर के लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताए जाने के संबंध में पूछे जाने पर रिजिजू ने कहा कि इस घटना का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। रिजिजू ने कहा, "देखिए, यह राजनीति का समय नहीं है। मैं बार-बार यही कह रहा हूं। इसमें भाजपा कहां से आ गई? जब ऐसी कोई घटना होती है और किसी की मौत हो जाती है, तो हमें तुरंत कार्रवाई करने के बारे में बात करनी चाहिए। यह राजनीति करने का विषय नहीं है।"

'हम सभी को इसकी चिंता होनी चाहिए'

मंत्री ने कहा, "पूर्वोत्तर के सभी लोग इसलिए परेशान हैं, क्योंकि सी. विक्रम सिंह मणिपुर से हैं। लेकिन आखिरकार, वह एक भारतीय हैं। हम सभी को इसकी चिंता होनी चाहिए। सिर्फ पूर्वोत्तर ही क्यों? हर भारतीय को चिंता होनी चाहिए। हर जिंदगी कीमती है।" उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस की एक खास इकाई, जो पूर्वोत्तर के लोगों से जुड़े मामलों को देखती है, इस मामले में समन्वय कर रही है। साथ ही, उन्होंने दावा किया कि ऐसी घटनाओं के होने पर पुलिस की ओर से तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए तंत्र मौजूद है।

कई बार घूंसे और मुक्के मारे, आईं गंभीर चोटें

पुलिस के मुताबिक, सनलाइट कॉलोनी पुलिस थाने को सिंह पर हमले के बारे में सूचना मिली। शुरुआती जांच में पता चला कि मेइती समुदाय के सिंह ने कुछ लोगों के एक समूह को अपने घर के बाहर शोर-शराबा करने से रोका था। उन लोगों ने कथित तौर पर सिंह पर कई बार घूंसे और मुक्के मारे, जिससे उन्हें चोटें आईं। उनके बेटे याइफाबा उन्हें तुरंत होली फैमिली अस्पताल ले गए, जहां बाद में उनकी मौत हो गई। आरोपियों की पहचान भरत कुमार (19), प्रमोद (26), रमजान खान (22), दीपांशु (21), मोहन विश्वकर्मा (32), विजय (36), मन्नू (26) और एक नाबालिग के तौर पर हुई है। पुलिस ने बताया कि वे अलग-अलग ढाबों और खाने-पीने की चीजों की दुकानों पर काम करते हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें

मणिपुरी संगीतकार सी. विक्रम सिंह हत्याकांड में 8 से 9 दिन में दाखिल होगी चार्जशीट, किरेन रिजिजू बोले- कोई कसर नहीं छोड़ेंगे

मणिपुरी संगीतकार सी. विक्रम सिंह हत्याकांड में 8 से 9 दिन में दाखिल होगी चार्जशीट, किरेन रिजिजू बोले- कोई कसर नहीं छोड़ेंगे

PM मोदी के कार्यक्रम स्थल के पास फर्जी PMO अधिकारी हिरासत में, नकली पहचान पत्र के साथ पहुंचा था, क्राइम ब्रांच कर रही पूछताछ

PM मोदी के कार्यक्रम स्थल के पास फर्जी PMO अधिकारी हिरासत में, नकली पहचान पत्र के साथ पहुंचा था, क्राइम ब्रांच कर रही पूछताछ

मोदी-पुतिन की मुलाकात की तारीख हुई कंफर्म, सुखोई-57 की डील पर हो सकते हैं हस्ताक्षर, परमाणु संयंत्र समेत कई मुद्दों पर होगी बात

मोदी-पुतिन की मुलाकात की तारीख हुई कंफर्म, सुखोई-57 की डील पर हो सकते हैं हस्ताक्षर, परमाणु संयंत्र समेत कई मुद्दों पर होगी बात

बाबा बागेश्वर के खिलाफ पुलिस में शिकायत; बंगाल कांग्रेस ने की दुर्गा पूजा में मांसाहार को लेकर टिप्पणी पर कार्रवाई की मांग

बाबा बागेश्वर के खिलाफ पुलिस में शिकायत; बंगाल कांग्रेस ने की दुर्गा पूजा में मांसाहार को लेकर टिप्पणी पर कार्रवाई की मांग

बिहार में गंगा का कहर: सुल्तानगंज में खतरे के निशान से ऊपर बही गंगा, 34 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित

बिहार में गंगा का कहर: सुल्तानगंज में खतरे के निशान से ऊपर बही गंगा, 34 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित