देश

Airport News: पाकिस्तान से तनाव के बीच एयरपोर्ट से लेकर एयरलाइन तक ने जारी की एडवाइजरी, जानिए पूरी डिटेल

भारत-पाक सीमा पर बढ़े तनाव का असर फ्लाइट्स पर भी पड़ता दिख रहा है। सुरक्षा के लिहाज से 8 मई को कई फ्लाइट्स को रद्द कर दिया गया था और कई एयरपोर्ट्स को बंद किया गया है। इसके साथ ही कई एयरलाइंस की एडवाइजरी भी आई है। आइए जानते हैं क्या है हवाई अड्डों का हाल।

Image

सांकेतिक फोटो

Airlines Advisoryऑपरेशन सिंदूर और इसके बाद सीमा पर बढ़े दबाव का असर फ्लाइट्स पर भी पड़ा है। नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) ने देश भर के सभी एयरलाइनों और हवाईअड्डों को सुरक्षा उपाय बढ़ाने का निर्देश दिया है। सुरक्षा के मद्देनजर कई हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। एअर इंडिया, इंडिगो, स्पाइसजेट, एयर इंडिया एक्सप्रेस, अकासा एयर और कुछ विदेशी एयरलाइन ने विभिन्न हवाई अड्डों के लिए अपनी सेवाएं रद्द कर दी हैं और एयरलाइंस ने कुछ सूचनाएं भी दी हैा। तो आइए जानते हैं, हवाई अड्डों को लेकर क्या है लेटेस्ट एडवाइजरी।

क्या है दिल्ली एयरपोर्ट का हाल

दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानें सामान्य हैं। हालांकि, बदलती परिस्थितियों और सुरक्षा कारणों से कुछ उड़ानों के कार्यक्रम प्रभावित हो सकते हैं। ये जानकारी दिल्ली एयरपोर्ट ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर पोस्ट करके दी है। इसके साथ ही एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों को कुछ सलाह भी दिया है। एयरपोर्ट अधिकारियों ने यात्रियों से आग्रह किया कि वे वास्तविक समय के अपडेट के लिए अपनी एयरलाइनों से जांच करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें। दिल्ली एयरपोर्ट ने पोस्ट किया कि-

दिल्ली एयरपोर्ट पर परिचालन सामान्य बना हुआ है। हालांकि, हवाई क्षेत्र की बदलती परिस्थितियों और सुरक्षा उपायों में वृद्धि के कारण कुछ उड़ानों के कार्यक्रम प्रभावित हो सकते हैं।

यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे:

  • सभी हैंड और चेक-इन बैगेज नियमों का पालन करें।
  • सुचारू रूप से सुविधाओं को बनाए रखने के लिए सुरक्षा और एयरलाइन कर्मचारियों के साथ सहयोग करें।
  • नवीनतम उड़ान अपडेट के लिए अपनी संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें या दिल्ली एयरपोर्ट की वेबसाइट पर जाएं।

हम सभी से दृढ़ता से आग्रह करते हैं कि वे जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें और असत्यापित सामग्री पर भरोसा करने या उसे प्रसारित करने से बचें।

एयरलांइस ने जारी की एडवाइजरी

एयरलाइंस ने यात्रियों से उड़ानों के निर्धारित प्रस्थान से काफी पहले हवाईअड्डों पर पहुंचने के लिए कहा है। एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर साझा किया कि "हवाईअड्डों पर बढ़े हुए उपायों पर नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो के आदेश के मद्देनजर, भारत भर के यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे सुचारू चेक-इन और बोर्डिंग सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित प्रस्थान से कम से कम तीन घंटे पहले अपने संबंधित हवाईअड्डों पर पहुंचें। प्रस्थान से 75 मिनट पहले चेक-इन बंद हो जाता है।

निर्बाध चेक-इन और बोर्डिंग के लिए स्पाइसजेट और अकासा एयरलाइंस ने भी यात्रियों से 3 घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचने को कहा है। अकासा ने चेक-इन बैगेज के अलावा, केवल 7 किलोग्राम तक वजन वाले एक हैंडबैग की अनुमति दी है।

ये हवाई अड्डे हैं बंद

गुरुवार, 8 मई को इंडिगो, एयर इंडिया, स्पाइसजेट, अकासा और एयर इंडिया एक्सप्रेस जैसी एयरलाइनों ने 400 से अधिक उड़ानें रद्द कर दीं। और उनके समय में बदलाव किया गया है, क्योंकि उत्तर और उत्तर-पश्चिमी भारत के कम से कम 24 हवाई अड्डे अस्थाई रूप से बंद हैं। वेरिफाइड सूची के अनुसार - चंडीगढ़, श्रीनगर, अमृतसर, लुधियाना, भुंतर, किशनगढ़, पटियाला, शिमला, कांगड़ा-गग्गल, भठिंडा, जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, हलवारा, पठानकोट, जम्मू, लेह, मुंद्रा, जामनगर, राजकोट, पोरबंदर, केशोद, कांडला और भुज हवाई अड्डे को बंद रखा गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article