देश

अहमदाबाद विमान हादसे के 4 दिन बाद Air India के 112 पायलटों ने मांगी थी 'Sick Leave'

Air India Pilots Sick Leave: फरवरी 2023 में जारी नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) के 'मेडिकल सर्कुलर' में एयरलाइनों को चालक दल/एटीसीओ (हवाई यातायात नियंत्रकों) के लिए मानसिक स्वास्थ्य स्थितियों के प्रतिकूल प्रभावों का पता लगाने के लिए एक अलग प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने की सलाह दी गई थी।

Image

एअर इंडिया (फाइल फोटो:istock)

Air India Pilots Sick Leave: सरकार ने संसद में बताया कि पिछले महीने अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना के बाद, एअर इंडिया की उड़ानों के पायलटों (Air India Pilot) के चिकित्सा अवकाश (Sick Leave) लिए जाने में मामूली वृद्धि देखी गई और अकेले 16 जून को ही 112 पायलट ने यह अवकाश ले लिया था। नागर विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि पायलटों द्वारा अस्वस्थ होने की सूचना देने में मामूली वृद्धि हुई है तथा 16 जून को 51 कमांडरों ने बीमार होने की सूचना दी।

निचले सदन के एक सदस्य ने यह जानना चाहा था कि क्या एअर इंडिया विमान दुर्घटना के बाद बड़े पैमाने पर चालक दल के सदस्यों द्वारा अस्वस्थ होने की सूचना दी जा रही।मंत्री ने अपने उत्तर में बताया कि एअर इंडिया की उड़ान एआई-171 दुर्घटना के बाद एयरलाइन के पायलटों के अस्वस्थ होने से संबंधित छुट्टियों में मामूली वृद्धि देखने को मिली है। सोलह जून 2025 को कुल 112 पायलटों ने अस्वस्थ होने की सूचना दी, जिनमें 51 कमांडर (पी1) और 61 'फर्स्ट ऑफिसर' (पी2) शामिल थे।'

एअर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान 12 जून को दुर्घटनाग्रस्त

एअर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान 12 जून को अहमदाबाद हवाई अड्डा से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में 260 लोगों की मौत हो गई। विमान में सवार 242 लोगों में केवल एक व्यक्ति ही जीवित बचा। वहीं, विमान के इमारत से टकराने पर, दुर्घटनास्थल पर मौजूद 19 लोगों की भी जान चली गई।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा, मानसिक स्वास्थ्य निगरानी के संबंध में, संगठनों (अनुसूचित और गैर-अनुसूचित ऑपरेटरों, उड़ान प्रशिक्षण संगठनों और भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण) को अपने कर्मचारियों के लिए एक सहायता कार्यक्रम शुरू करने की भी सलाह दी गई। मंत्री ने एक अन्य प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि वर्तमान में, विमान दुर्घटना के कारण जमीन पर नागरिकों को हुए नुकसान के लिए मुआवजे से संबंधित कोई विशिष्ट नीति नागर विमानन मंत्रालय के पास नहीं है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article