नई दिल्ली: लंदन जा रहा एअर इंडिया का एक विमान गुरुवार दोपहर अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही क्षणों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में चालक दल के 10 सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे।बोइंग विमान तेजी से नीचे आता दिखाई दिया और अपराह्न करीब दो बजे अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास मेघाणी नगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
एटीसी के मुताबिक विमान ने अहमदाबाद से भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजकर 39 मिनट पर रनवे 23 से उड़ान भरी थी। विमान ने एटीसी को मेडे कॉल दिया, लेकिन इसके बाद एटीसी के कॉल का विमान से कोई जवाब नहीं मिला। रनवे 23 से उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान हवाई अड्डे की सीमा के बाहर जमीन पर गिर गया। प्लेन के क्रैश होने के तुरंत बाद घटनास्थल से आसमान में काला धुंआ उठता हुआ देखा गया है। बताया जा रहा है कि चंद सेकेंड के बाद ही विमान का संपर्क एटीसी से टूट गया और विमान हादसे का शिकार हो गया। हालांकि हादसे का कारणों का अबतक पता नहीं चल गया है।
क्रू मेंबर सहित 242 लोग सवार थे
चंद सेकेंड बाद ही विमान हादसे का शिकार हुआ
रिपोर्ट के मुताबिक विमान ने अहमदाबाद एयरपोर्ट के रनवे नंबर 23 से उड़ा भरी। विमान ने एक बजकर 39 मिनट पर उड़ान भरी। पायलट ने एटीसी को तुरंत मेडे कॉल किया। विमान चंद सेकेंड बाद ही क्रैश उड़ान भरने के बाद क्रैश हो गया। अब ब्लैक बॉक्स मिलने के बाद ही यह पता चल सकेगा कि आखिर विमान हादसा किस वजह से हुआ।
विमान में क्रू मेंबर समेत कुल 242 लोग सवार थे
इस विमान में 242 लोग सवार थे, जिनमें दो पायलट और 10 केबिन क्रू भी शामिल थे। एयर इंडिया में सवार केबिन क्रू के 12 सदस्यों में कैप्टन सुमित सभरवाल और फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर भी शामिल थे। पता चला है कि विमान का संचालन कैप्टन सुमित सभरवाल कर रहे थे, जिनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे। कैप्टन सुमित सभरवाल एक एलटीसी हैं और उनके पास 8200 घंटे का उड़ान अनुभव है। को-पायलट के पास 1100 घंटे का उड़ान अनुभव था।
हादसे के बाद काले धुएं का गुबार देखा गया
बोइंग विमान को उड़ान भरने के तुरंत बाद एकदम नीचे आता देखा गया और यह अपराह्न करीब दो बजे हवाई अड्डे के नजदीक मेघाणी नगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।दुर्घटना के तुरंत बाद, इलाके में काले धुएं का एक बड़ा गुबार उठता देखा गया। आपातकालीन प्रतिक्रिया दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए और उन्होंने तत्काल बचाव, निकासी और अग्निशमन अभियान शुरू कर दिया।
एयर इंडिया ने जताया दुख
इस बीच, एयर इंडिया के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने विमान हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा, "मैं बहुत दुख के साथ पुष्टि करता हूं कि एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-171, जो अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रही थी, आज एक दुखद हादसे का शिकार हो गई। हमारी शोक संवेदनाएं इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं। इस समय, हमारा मुख्य ध्यान प्रभावित लोगों और उनके परिवारों को सहायता प्रदान करने पर है। हम आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों की सहायता के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं और प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता व देखभाल प्रदान कर रहे हैं।" इस हादसे के बाद सभी सड़कें बंद कर दी गई हैं और बचाव और राहत अभियान जारी है। इसके अलावा, अस्पताल में करीब 1200 बेड का इंतजाम किया गया है।
