देश

Ahmedabad Plane Crash Video : टेक ऑफ के 45 सेकेंड में ही क्रैश हुआ विमान, भयावह है CCTV फुटेज

Ahmedabad Air India Plane Crash : अहमदाबाद हवाई अड्डे के पास मेघाणी नगर इलाके में एअर इंडिया के दुर्घटनाग्रस्त विमान के टेकऑफ करने का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि टेकऑफ करने के महज 45 सेकेंड में ही प्लेन क्रैश हो गया है।

Image

अहमदाबाद प्लेन क्रैश

Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद हवाई अड्डे के पास मेघाणी नगर इलाके में गुरुवार दोपहर एअर इंडिया का लंदन जा रहा विमान उड़ान भरने के कुछ ही क्षण बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सामने आए सीसीटीवी वीडियो से पता चल रहा है कि टेकआफ के महज 45 सेकेंड में ही प्लेन क्रैश हो गया और उसमें आग लग गई।विमान में चालक दल के 2 सदस्यों के साथ 10 क्रू मेंबर्स सहित 242 लोग सवार थे। हादसे में बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की भी आशंका है। इनमें से 169 भारतीय नागरिक हैं, 53 ब्रिटिश नागरिक हैं, 1 कनाडाई नागरिक है और 7 पुर्तगाली नागरिक हैं। हालांकि, मारे गए लोगों की पुष्टि का इंतजार है। हालांकि, इसमें गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी सवार थे, जिनकी मौत की पुष्टि हो चुकी है। हालांकि, इतने बड़े हादसे में 2 यात्री सुरक्षित पाए गए हैं, जिनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विमान हादसे के बाद हेल्पलाइन नंबर जारी

एयर इंडिया ने अधिक जानकारी के लिए एक समर्पित यात्री हेल्पलाइन नंबर 1800 5691 444, जारी किए हैं। एयर इंडिया का Customer Care Number (011-24610843, 91-1169329999) भी जारी किए हैं। इसके अलावा नागरिक उड्डयन मंत्रालय में एक परिचालन नियंत्रण कक्ष सक्रिय (Operational Control Room) कर दिया है। इसमें संपर्क करने के लिए 011-24610843, 9650391859 कॉल कर सकते हैं। उधर, ब्रिटेन सरकार ने भी हादसे से जुड़ा हेल्पलाइन नंबर 02070085000 जारी किया है। वहीं, अहमदाबाद एयरपोर्ट के इमरजेंसी नंबर 079-22869211 पर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अब गुजरात सरकार का यात्री हेल्पलाइन नंबर - 011-24610843, 9650391859 और अहमदाबाद पुलिस का भी हेल्पलाइन नंबर - 07925620359 उपलब्ध है। जिनके परिजन विमान से यात्रा के लिए निकले थे वे इन नंबरों पर ताजा अपडेट ले सकते हैं।

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एक बयान में कहा कि अहमदाबाद हवाई अड्डे के पास आवासीय इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान में 232 यात्री और चालक दल के 10 सदस्य सवार थे। बोइंग विमान को उड़ान भरने के तुरंत बाद एकदम नीचे आता देखा गया और यह अपराह्न करीब दो बजे हवाई अड्डे के नजदीक मेघाणी नगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद, इलाके में काले धुएं का एक बड़ा गुबार उठता देखा गया। आपातकालीन प्रतिक्रिया दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए और उन्होंने तत्काल बचाव, निकासी और अग्निशमन अभियान शुरू कर दिया।

एअर इंडिया ने 'एक्स' पर एक पोस्ट कर कहा कि अहमदाबाद-लंदन गैटविक की उड़ान संख्या एआई171 आज, 12 जून 2025 को दुर्घटनाग्रस्त हो गई। फिलहाल हम विवरण का पता लगा रहे हैं और जल्द ही आगे की जानकारी अपनी वेबसाइट के साथ-साथ एक्स हैंडल पर साझा करेंगे।' पुलिस ने बताया कि विमान अहमदाबाद के मेघाणीनगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। कई घायलों को शहर के सिविल अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस उपायुक्त कानन देसाई ने कहा, ''हम हताहतों के बारे में विवरण जुटा रहे हैं। अग्निशमन अधिकारी जयेश खड़िया ने बताया कि आग बुझाने के लिए दमकल वाहन मौके पर भेजे गये हैं।

विदेश मंत्रालय ने जताया दु:ख

विदेश मंत्रालय ने अहमदाबाद में विमान हादसे को “बेहद दुखद” करार देते हुए इसमें अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने यहां अपनी साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान कहा, “यह एक बेहद दुखद हादसा है। हम उन लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें