देश

अहमदाबाद प्लेन क्रैश: पायलट के पास 8200 घंटे, को-पायलट को था 1100 घंटों का उड़ान अनुभव

अहमदाबाद से ब्रिटेन के गेटविक जा रहे एअर इंडिया विमान के पायलट ने हादसे से ठीक पहले अति आपात संदेश अहमदाबाद हवाई यातायात नियंत्रक (एटीसी) को भेजा था। विमानन नियामक डीजीसीए ने एक बयान में कहा कि इसके बाद एटीसी द्वारा की गई कॉल पर विमान के पायलट की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई।

Image

अहमदाबाद में हादसे का शिकार हुआ एयर इंडिया का विमान।

Ahmadabad Plane Crash Update : अहमदाबाद से लंदन के लिए गुरुवार दोपहर उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का विमान सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से टेक ऑफ करने के पांच मिनट के भीतर ही हादसे का शिकार हो गया। यह बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान था। इस विमान में चालक दल के सदस्यों सहित कुल 242 यात्री सवार थे। डीजीसीए ने अपने एक बयान में कि विमान की कमान कैप्टन सुमित सभरवाल के पास थी, उनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर भी थे। कैप्टन सुमित सभरवाल एलटीसी हैं और उन्हें 8200 घंटों का अनुभव है। सह-पायलट को 1100 घंटों के उड़ान का अनुभव है।

पायलट ने एटीसी को भेजा था आपात संदेश

बयान के मुताबिक अहमदाबाद से ब्रिटेन के गेटविक जा रहे एअर इंडिया विमान के पायलट ने हादसे से ठीक पहले अति आपात संदेश अहमदाबाद हवाई यातायात नियंत्रक (एटीसी) को भेजा था। विमानन नियामक डीजीसीए ने एक बयान में कहा कि इसके बाद एटीसी द्वारा की गई कॉल पर विमान के पायलट की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई। अपराह्न करीब दो बजे, 242 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर लंदन के गेटविक जा रहा एअर इंडिया का विमान अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें कई लोगों के हताहत होने की आशंका है।

एक बजकर 39 मिनट पर भरी थी उड़ान

डीजीसीए ने एक बयान में बताया कि एटीसी के अनुसार, विमान ने अहमदाबाद से रनवे 23 से भारतीय समयानुसार एक बजकर 39 मिनट पर उड़ान भरी। इसने एटीसी को अति आपात कॉल (मेडे कॉल) किया, लेकिन उसके बाद एटीसी द्वारा की गई कॉल का पायलट द्वारा कोई जवाब नहीं दिया गया। डीजीसी के मुताबिक विमान रनवे 23 से उड़ान भरने के तुरंत बाद हवाई अड्डे की परिधि के बाहर जमीन पर गिर गया। उसने कहा कि दुर्घटना स्थल से भारी काला धुआं निकलता देखा गया। बोइंग विमान, जिसे तेजी से नीचे आता देखा जा सकता था, हवाई अड्डे के पास मेघाणीनगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

विमान में 242 लोग थे सवार

डीजीसीए ने बयान में कहा, ‘12 जून 2025 को एअर इंडिया के बी787 विमान के जरिये वीटी-एएनबी (अहमदाबाद से गैटविक के लिए) के लिए उड़ान भरने वाली उड़ान संख्या एआई-171 का दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। विमान में दो पायलट और चालक दल के 10 अन्य सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे।’

गृह मंत्री ने गुजरात के सीएम से बात की

अमित शाह ने बृहस्पतिवार को गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से बात की और 242 यात्रियों और चालक दल को लेकर लंदन जा रहे एअर इंडिया के विमान के उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद की स्थिति की समीक्षा की। शाह ने गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी और अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त से भी बात की।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article