देश

महाराष्ट्र में 'ऑपरेशन टाइगर' के बाद क्या होगा 'ऑपरेशन तुड़वा'? उद्धव गुट बुरी तरह टूटा! दो तिहाई सांसद हो गए गायब

Shiv Sena UBT Rebel MPs: शिवसेना (यूबीटी) के दो तिहाई सांसदों ने बागी तेवर अपना लिया है। यह सांसद पार्टी की संसदीय दल की बैठक में नजर नहीं आए। जिसके बाद राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि हम ऑपरेशन तुड़वा शुरू करेंगे।

Image

शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे (फाइल फोटो)

Shiv Sena UBT Rebel MPs: पश्चिम बंगाल के बाद अब महाराष्ट्र में सियासी घमासान मचा हुआ है। शिवसेना (यूबीटी) के दो तिहाई सांसदों ने बागी तेवर अपनाया हुआ है। पार्टी की गुरुवार को हुई संसदीय दल की बैठक में 9 में से महज तीन सांसद ही मौजूद रहे। जिसके बाद छह सांसदों के एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में औपचारिक रूप से शामिल होना लगभग तय हो गया।

क्या ऑपरेशन तुड़वा होगा शुरू?

उद्धव ठाकरे के सबसे भरोसेमंद माने जाने वाले संजय राउत ने दावा किया कि पार्टी के बागी सांसदों को अतिरिक्त 10 करोड़ रुपये दिए गए और उन्हें राजस्थान में एक सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। हालांकि, उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि हम ऑपरेशन तुड़वा शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि बागी सांसदों में थोड़ी भी नैतिकता बची है, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।

उद्धव ठाकरे के साथ कौन-कौन

उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) की संसदीय दल की बैठक में सांसद अरविंद सावंत, अनिल देसाई और राजाभाऊ वाजे शामिल हुए। इस बैठक में पार्टी के एकमात्र राज्यसभा सांसद संजय राउत भी मौजूद रहे। हालांकि, बागी तेवर अपनाने वाले सांसदों में नागेश आष्टीकर, संजय देशमुख, संजय जाधव, संजय दीना पाटिल, ओमप्रकाश राजेनिंबालकर और भाऊसाहेब वाकचौरे हैं।

बागी सांसदों ने की शिवसेना में विलय की मांग

सूत्रों ने बताया कि सभी छह बागी सांसदों ने शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में विलय की मांग करते हुए एक पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं और उसे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को सौंप दिया है। हालांकि, यह प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है, क्योंकि माना जा रहा है कि अध्यक्ष कार्यालय को सत्यापन के लिए कुछ सांसदों की व्यक्तिगत उपस्थिति की जरूरत है और यह प्रक्रिया 'आगामी दिनों में' पूरी होने की संभावना है।

बागी सांसदों को Y प्लस श्रेणी की सुरक्षा

महाराष्ट्र के गृह विभाग ने शिवसेना (यूबीटी) के बागी सांसदों को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराने का आदेश दिया है। यह आदेश ऐसे समय पर आया जब धाराशिव निर्वाचन क्षेत्र के शिवसेना (यूबीटी) कार्यकर्ताओं ने चेताया कि पार्टी छोड़ने वालों के चेहरे पर गोबर पोता जाएगा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी को धोखा देने वालों को धाराशिव में खुलेआम बाहर निकलने नहीं दिया जाएगा।

ऑपरेशन टाइगर ने मचाई खलबली

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस में बागी गुट ने नेशनल सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया में विलय की घोषणा की। देशभर की निगाहें तृणमूल की सियासी घटनाक्रमों पर टिकी हुई थीं, तभी अचानक महाराष्ट्र से ऑपरेशन टाइगर की खबरें सामने आने लगीं। हालांकि, शुरुआत में संजय राउत ने बगावत की खबरों को नजरअंदाज किया और कहा कि पार्टी एकजुट है। इसके बाद मातोश्री में सांसदों की एक बैठक भी हुई। जिसके कुछ सांसद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मौजूद रहे।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article