देश

TMC में बंटवारे पर अपना पक्ष रखेंगे अभिषेक बनर्जी, लोकसभा अध्यक्ष ने 19 जून को बुलाया

TMC Split Row: ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। विधानसभा चुनाव में करारी शिकस्त मिलने के बाद पार्टी बिखर गई और बागी सांसदों ने एनसीपीआई में विलय कर लिया।

Image

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी (फाइल फोटो)

TMC Split Row: तृणमूल कांग्रेस के बागी सांसदों को एक अलग संसदीय गुट के रूप में मान्यता मिलेगी या नहीं? इस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला फैसला करेंगे। इस मामले को लेकर लोकसभा अध्यक्ष ने बुधवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को 19 जून को अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ने टीएमसी नेता अभिषेक से 19 जून को बैठक के लिए बुलाया है, ताकि वह पार्टी में 'बंटवारे' पर अपना केस पेश कर सकें। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, लोकसभा अध्यक्ष कोई भी फैसला लेने से पहले दोनों पक्षों की बातों को सुनना चाहते हैं।

क्या है पूरा मामला?

यह कदम टीएमसी के 20 बागी सांसदों द्वारा नेशनल सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया में विलय करने और संसद में एक अलग गुट के रूप में मान्यता देने के लिए लोकसभा अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपने के बाद उठाया गया है।

ओम बिरला से मिल चुका है बागी गुट

टीएमसी के बागी सांसदों के गुट पहले ही ओम बिरला से मिल चुका है, जबकि ममता बनर्जी वाले गुट ने उनसे मिलने के लिए समय मांगा था। सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा अध्यक्ष कानून, नियमों और कायदों के आधार पर ही फैसला करेंगे। ऐसे में वह पहले दोनों पक्षों की बातों को सुनना चाहते हैं।

ममता गुट ने लोकसभा अध्यक्ष को लिखा था पत्र

ममता गुट ने लोकसभा अध्यक्ष को एक पत्र लिखा था। इस पत्र के जरिए ओम बिरला से अपील की गई कि वह लोकसभा में टीएमसी के बागी गुट को मान्यता न दें और न ही उन्हें अलग दर्जा दें। अभिषेक बनर्जी ने तर्क दिया था कि दलबदल विरोधी कानून के तहत वैध विलय के लिए राजनीतिक दल का विलय और उसके कम से कम दो-तिहाई विधायकों का समर्थन दोनों जरूरी होता है। दरअसल, अभिषेक बनर्जी का कहना था कि महज एक शर्त को पूरा करना पर्याप्त नहीं होगा।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article