देश

Adani row: अडानी के बहाने सड़क से संसद तक सरकार को घेरेगी कांग्रेस, 6 फरवरी से देशव्यापी आंदोलन

  • Authored by: रंजीता झा
  • Updated Feb 3, 2023, 02:27 PM IST

Adani row:

Image

अडानी मसले पर सरकार को घेरने के लिए विपक्षी दल हुए एकजुट।

Congress news : संसद के बजट सत्र में हंगामा थमने का नाम नहीं ले रहा। जब से हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आई है भारतीय राजनीति में भूचाल आ गया है। कांग्रेस सहित विपक्षी दल अडानी के बहाने मोदी सरकार को संसद के भीतर और बाहर घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने तो 6 फरवरी से देशव्यापी आंदोलन का ऐलान भी कर दिया है। वहीं, शुक्रवार को भी विपक्ष के हंगामे की वजह से संसद का काम काज ठप रहा। विपक्ष अडानी के मुद्दे पर JPC की मांग पर अड़ा हुआ है।

विपक्षी दलों ने बनाई सामूहिक रणनीति

अडानी के मसले पर सरकार को बैकफुट पर लाने के लिए विपक्षी दलों ने लामबंद होकर सरकार को घेरने के लिए सामूहिक रणनीति बनाई है। कांग्रेस से लेकर आम आदमी पार्टी तक सब एक पेज पर आ गए हैं। शुक्रवार को नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कमरे में 16 विपक्षी दलों के फ्लोर मैनेजर की बैठक हुई। सभी विपक्षी दलों ने सदन की करवाई शुरू होते ही LIC और SBI के निवेशकों के डूब रहे पैसे को लेकर चर्चा की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इससे पहले कांग्रेस और विपक्ष के कई सांसदों ने लोकसभा और राज्यसभा में कार्यस्थागन प्रस्ताव का नोटिस भी दिया था। जिसे सभापति द्वारा अस्वीकार कर दिया गया। जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया और दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 2.30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

कांग्रेस ने गुरुवार को अडानी मामले पर सरकार से 3 मांग की

  1. सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायधीश की निगरानी में प्रतिदिन जांच हो, और प्रतिदिन उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
  2. JPC यानी संयुक्त संसदीय समिति से जांच हो।
  3. हिंडनबर्ग की रिपोर्ट पर संसद में विस्तार से चर्चा हो।
हिंडनबर्ग की रिपोर्ट और अडानी एंटरप्राइजेज में LIC और SBI के निवेशकों के डूब रहे पैसे ने कांग्रेस को सरकार को घेरने का एक बड़ा मौका दे दिया है। कांग्रेस अब इसे भुनाने के लिए जिला स्तर तक LIC और SBI दफ्तरों के बाहर 6 फरवरी को प्रदर्शन करेगी। पार्टी के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने इस बाबत सभी प्रदेश इकाइयों को पत्र लिखा है। पार्टी जनता को ये संदेश देना चाहती है की मोदी सरकार अपने चंद मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए LIC और SBI का इस्तेमाल कर रही है।
रंजीता झा
रंजीता झा author

13 साल के राजनीतिक पत्रकारिता के अनुभव में मैंने राज्य की राजधानियों से लेकर देश की राजधानी तक सियासी हलचल को करीब से देखा है। प्लांट की गई बातें ख़बरे... और देखें

End of Article