Active Covid Cases in India : भारत में कोविड संक्रमण की संख्या लगातार बढ़ रही है। संक्रमण की यह संख्या पांच हजार के पार चली गई है। देश भर में अभी संक्रमण के 5364 सक्रिय मामले मिले हैं। 2025 में पहली बार एक्टिव केस की संख्या पांच हजार के पार गई है। महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, कर्नाटक सहित कई राज्यों में संक्रमण के मामलों में तेजी देखी जा रही है।
कर्नाटक में एक व्यक्ति की मौत
कर्नाटक के दावणगेरे में 65 वर्षीय जिस व्यक्ति की मौत हो गयी थी, वह कोरोना वायरस संक्रमित था। वह अन्य बीमारियों से भी ग्रसित था।
उसके निधन से बृहस्पतिवार तक कर्नाटक में कोरोना वायरस से संबंधित मौतों की संख्या सात हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 31 मई को दावणगेरे के सरकारी अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई। कर्नाटक में बृहस्पतिवार को कुल संक्रमित मामले 65 थे, जिससे जनवरी से अब तक सामने आए कुल मामले 796 हो गए।
महाराष्ट्र में 98 नए मामले सामने आए
महाराष्ट्र में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस के 98 मामले सामने आए, जिससे राज्य में इस साल एक जनवरी से अब तक सामने आए कुल मामलों की संख्या 1,162 हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।एक अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को सामने आए 98 मामलों में से 48 मामले पुणे जिले से, 34 मुंबई से और छह ठाणे से हैं। एक जनवरी से अब तक कुल 14,565 नमूनों की जांच की गयी है, जिनमें से 1,162 सक्रिय पाए गए।
गुजरात में पिछले 24 घंटों में 119 नए मामले
गुजरात के स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को बताया कि राज्य में कोरोना वायरस के 119 नए मामले सामने आए, जिससे उपचाराधीन मामलों की संख्या 508 हो गई, जबकि संक्रमण से किसी मौत की खबर नहीं आई। विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि पिछले 24 घंटों में 119 नए मामले सामने आने के बाद कोरोना वायरस के कुल उपचाराधीन मरीजों की संख्या 508 हो गई है। इनमें से 18 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 490 अन्य घर पर पृथकवास में इलाज करा रहे हैं।
