देश

दिल्ली सीएम के नाम पर देरी को लेकर AAP का BJP पर निशाना, कहा- पार्टी के पास कोई चेहरा नहीं

आतिशी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में चुने गए 48 भाजपा विधायकों में से किसी पर भी भरोसा नहीं करते हैं और आरोप लगाया कि पार्टी के पास शासन के लिए कोई विजन या योजना नहीं है।

Image

दिल्ली सीएम के नाम पर देरी को लेकर AAP का BJP पर निशाना, कहा- पार्टी के पास कोई चेहरा नहीं

AAP Questions BJP Over CM Name: दिल्ली के लिए मुख्यमंत्री और कैबिनेट की घोषणा में देरी को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर एक बार फिर हमला बोला है। आप ने सोमवार को कहा कि भगवा पार्टी के पास सरकार चलाने के लिए कोई चेहरा नहीं है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए आप की वरिष्ठ नेता और दिल्ली की कार्यवाहक मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि भाजपा के पास दिल्ली पर शासन करने के लिए कोई विश्वसनीय नेता नहीं है।

आतिशी का बीजेपी पर निशाना

उन्होंने कहा, चुनाव के नतीजे घोषित हुए दस दिन हो चुके हैं। लोगों को लगा था कि भाजपा 9 फरवरी को अपने मुख्यमंत्री और कैबिनेट की घोषणा करेगी और तुरंत विकास कार्य शुरू करेगी। लेकिन अब यह स्पष्ट है कि उनके पास दिल्ली चलाने के लिए कोई चेहरा नहीं है। आतिशी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में चुने गए 48 भाजपा विधायकों में से किसी पर भी भरोसा नहीं करते हैं और आरोप लगाया कि पार्टी के पास शासन के लिए कोई विजन या योजना नहीं है।

उन्होंने कहा, भाजपा जानती है कि वे केवल दिल्ली के लोगों को लूटेंगे। अगर उनके पास सरकार चलाने के लिए कोई सक्षम व्यक्ति नहीं है, तो वे लोगों के लिए कैसे काम करेंगे? दिल्ली विधानसभा चुनाव में मिली निर्णायक जीत के बाद भगवा पार्टी के नेतृत्व के फैसले में देरी के कारण आप और भाजपा के बीच राजनीतिक लड़ाई और भी तेज होती दिख रही है।

बीजेपी ने जीतीं 48 सीटें

हाल ही में संपन्न 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 48 सीटें हासिल कीं, जबकि आप ने 22 सीटें जीतीं। 5 फरवरी को मतदान के बाद 8 फरवरी को चुनाव परिणाम घोषित किए गए। भाजपा की जीत ने राष्ट्रीय राजधानी में आप के एक दशक से अधिक लंबे शासन का दौर समाप्त कर दिया। 2020 के विधानसभा चुनाव में आप ने 70 में से 62 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा को सिर्फ आठ सीटें मिली थीं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article