Swati Maliwal Exclusive: आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने अपने साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर टाइम्स नाउ नवभारत के साथ खास बातचीत की। इस एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में स्वाति मालीवाल ने कहा कि उनके साथ मारपीट करने वाले बिभव कुमार, अरविंद केजरीवाल के बहुत बड़े राजदार हैं।
क्या बोलीं स्वाति मालीवाल
टाइम्स नाउ नवभारत के खास शो 'सवाल पब्लिक का' में टाइम्स नाउ और टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर-इन-चीफ नाविका कुमार से एक्सक्लूसिव बातचीत में स्वाति मालीवल ने घटना वाले दिन के कई राज खोले। स्वाति मालीवाल ने कहा- "मैंने दिल्ली महिला आयोग में 1 लाख 70 हजार मामले हैंडल किए हैं, 9 साल में। मैं कई पीड़ितों से मिली हूं...हमेशा सोचती थी कि कैसे होता होगा, कितना दर्द होता होगा? आज जब मेरे साथ हुआ, तब जाकर मैं समझ पाई हूं...हर दिन जब से ये अटैक हुआ है, 6 बजे मेरी नींद खुल जाती है...जिन लोगों के साथ मैंने काम किया, आज उन्होंने मुझे इतनी समस्या के वक्त में अकेले छोड़ दिया।"
'बिभव कुमार के पास बड़े राज'
स्वाति मालीवाल ने इस इंटरव्यू के दौरान दावा किया कि उनके पास केजरीवाल का कोई राज नहीं है। स्वाति मालीवाल ने कहा- "हां बिभव बहुत बड़े राजदार हैं। बिभव कुमार के लिए आज पूरी पार्टी ने मुझे छोड़ दिया। क्योंकि बिभव बहुत बड़े राजदार हैं। बिभव को जो घर सरकार से मिला हुआ है, उतना बड़ा घर किसी मंत्री के पास नहीं है।"
मालीवाल की कैसे हुई थी केजरीवाल से मुलाकात
स्वाति मालीवाल ने आगे कहा कि उस घटना को लेकर उन्हें काफी दुख होता है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि जैसे मेरा सब कुछ खत्म हो गया है। इस दौरान स्वाति मालीवाल ने ये भी बताया कि कैसे उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद, जॉब छोड़कर अरविंद केजरीवाल के एनजीओ को ज्वाइन किया था। सुंदर नगरी की झुग्गियों में कई साल रही। आरटीआई से लेकर राशन तक के आंदोलन में शामिल रही।
