देश

कोलकाता में 4,000 EVM जलकर खाक, TMC बोलीं - क्या सबूत मिटाने की साजिश? चुनाव आयोग पर उठाए गंभीर सवाल

Kolkata EVM Fire Accident: कोलकाता के दक्षिण 24 परगना जिला परिषद कार्यालय में लगी भीषण आग में करीब 4,000 ईवीएम, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट मशीनें जलकर नष्ट हो गई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोलकाता पुलिस ने जांच के लिए एसआईटी (SIT) का गठन किया है।

Image

ईवीएम अग्निकांड की जांच के लिए गठित की विशेष टीम

Photo : ANI

Kolkata EVM Fire Accident: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से एक बड़ी और हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां अलीपुर कोर्ट के पास स्थित दक्षिण 24 परगना जिला परिषद कार्यालय में लगी भीषण आग में करीब 4,000 ईवीएम (EVM) मशीनें जलकर खाक हो गई हैं। इस घटना के बाद राज्य की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC targets ECI EVM fire) ने सीधे भारतीय चुनाव आयोग (ECI) पर मोर्चा खोल दिया है। टीएमसी ने इसे एक रहस्यमयी घटना बताते हुए इसकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है।

तृणमूल कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर एक बेहद तीखा पोस्ट शेयर कर इस हादसे के समय और परिस्थितियों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी ने लिखा, "आग में रहस्यमयी तरीके से 4000 कंट्रोल यूनिट, 4,000 बैलेट यूनिट और 4000 वीवीपैट (VVPAT) नष्ट हो गए। ये सभी मशीनें कस्बा, जादवपुर, बेहाला पूर्व, बेहाला पश्चिम, मटियाबुर्ज, सतगाछिया और डायमंड हार्बर सब-डिवीजन के अंतर्गत आने वाले कई विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी थीं।"

कैसे हुई घटना, टीएमसी ने पूछा?

टीएमसी ने चुनाव आयोग को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे हमेशा मनगढ़ंत कहानियों के पीछे नहीं छिप सकते। पार्टी का कहना है कि इन मशीनों और सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखने के लिए पहले अदालत का दरवाजा भी खटखटाया गया था, इसके बावजूद ऐसी घटना कैसे हो गई? टीएमसी ने सीधा सवाल दागते हुए पूछा, "क्या यह सिर्फ एक सामान्य दुर्घटना थी या फिर लोकतंत्र से खिलवाड़ करने के बाद महत्वपूर्ण सबूतों को गायब करने की कोई सोची-समझी साजिश?"

पुलिस ने बनाई SIT टीम

यह भीषण आग बुधवार (10 जून) की रात करीब 9:30 बजे लगी थी। चश्मदीदों के मुताबिक, आग तीसरी मंजिल पर स्थित दफ्तरों में इतनी तेजी से फैली कि वहां काम कर रहे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। दमकल की कई गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोलकाता पुलिस ने इस अग्निकांड की जांच के लिए एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। यह टीम अब उन सभी पहलुओं की जांच करेगी जिनकी वजह से यह आग लगी, ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article