Amritpal Singh News: अमृतसर की एक अदालत ने शुक्रवार को डिब्रूगढ़ जेल में बंद सांसद एवं वारिस पंजाब दे संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह को एक दिन की पैरोल दी है। अमृतपाल सिंह को यह पैरोल अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मिली है। अमृतपाल करीब साढ़े तीन साल से भी ज्यादा समय के बाद पंजाब आएगा।
कोर्ट ने पैरोल अर्जी पर पंजाब सरकार से जवाब मांगा था
गुरुवार को एक स्थानीय अदालत ने जेल में बंद खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह की पैरोल याचिका पर पंजाब सरकार से 13 नवंबर तक जवाब मांगा। दरअसल, अमृतपाल सिंह ने अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पैरोल की मांग की है। उसकी दादी का हाल ही में निधन हो गया था। यह याचिका अमृतसर की जिला एवं सत्र अदालत में दाखिल की गई थी। इसमें सांसद को 14 से 17 नवंबर तक होने वाले अंतिम संस्कार संबंधी कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए पैरोल देने की मांग की गई थी। अमृतपाल सिंह के वकील एडवोकेट करमवीर सिंह ने कहा, 'हम अमृतपाल सिंह को पैरोल दिलाने के लिए सभी संभावित कानूनी उपाय अपनाएंगे।'
चरण कौर का पार्थिव शरीर गांव में रखा है
चरण कौर का रविवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। वह 84 वर्ष की थीं। उनका निधन उस घटना के कुछ दिनों बाद हुआ, जब जिला अदालत ने जेल में बंद अमृतपाल सिंह को असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल से अपनी दादी के साथ 10 मिनट की वीडियो कॉल पर बातचीत करने की अनुमति दी थी। हालांकि, अमृतपाल के वकीलों के मुताबिक, यह वीडियो कॉल नहीं हो सकी। अमृतपाल के पिता तरसेम सिंह ने कहा कि जब तक उनके बेटे को पैरोल नहीं मिलती, परिवार अंतिम संस्कार नहीं करेगा। चरण कौर का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में रखा गया है।
2022 में दुबई से भारत लौटा था अमृतपाल
अमृतपाल की कानूनी टीम ने अदालत से मानवीय और कानूनी दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अस्थायी रिहाई देने की अपील की है। टीम ने यह मांग भी की है कि हिरासत में बंद परिवार के अन्य सदस्यों को भी अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दी जाए। गौरतलब है कि अमृतपाल सिंह 2022 में दुबई से भारत लौटे थे। इसके बाद उन्होंने 'वारिस पंजाब दे' संगठन की कमान संभाली थी। वर्तमान में वह असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में बंद हैं।
