योगा हमारी सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है, ऐसा आपने अक्सर सुना होगा। लेकिन क्या आप उन लोगों में शामिल हैं जिनकी जरा सी मेहनत करने पर ही सांस फूलने लगती है। यदि हां तो आपके फेफड़ों की ताकत कम हो रही है। आज जब दुनिया भर में World Lung Day मनाया जा रहा है, तो हम आपको कुछ ऐसे योगासनों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो आपके फेफड़ों की ताकत को काफी हद तक बढ़ा सकते हैं। ये योगासन न केवल फेफड़ों को मजबूत करते हैं बल्कि यह हमारे संपूर्ण वायु मार्ग को साफ करने का भी काम करते हैं। जिससे आपको फेफड़ों संबंधी कई तरह की बीमारियों से निजात मिलती है। आइए जानते हैं 5 ऐसे योगासन जो आपकी लंग हेल्थ के लिए रामबाण हैं।
फेफड़ों को मजबूत बनाने के लिए योगासन (Yoga Poses for Strong Lung)
1. त्रिकोणासन
इस आसन में आपके शरीर की स्थिति त्रिकोण के आकार की होती है, इसलिए इसे त्रिकोणासन कहा जाता है। यह आपके फेफड़ों की क्षमता को बढ़ाने और इन्हें मजबूत करने के लिए कारगर अभ्यास है। इसके आप रोजाना 5 मिनट कर कर सकते हैं।
2. भुजंगासन
इसे कोबरा पोज के नाम से भी जाना जाता है। यह आपके फेफड़ों को मजबूत करने के लिए एक कारगर योगाभ्यास है। इसके अलावा यह आपके कमर को लचीला और मजबूत भी बनाता है। इसका अभ्यास करते समय आपको ऊपर उठते हुए सांस को भरना है और नीचे आते समय सांस को छोड़ना है। इसे आप कम के कम 50-100 बार तक करें।
3. उष्ट्रासन
इस आसन में आपकी स्थिति ऊंट के आकार की होती है, इसलिए इसे उष्ट्रासन के नाम से भी जाना जाता है। इस आसन की पूर्ण स्थिति में आपके फेफड़े पूरी तरह खिंचाव महसूस करते हैं। जो उन्हें मजबूत बनाने के लिए बहुत जरूरी है। इसे आप 3-5 बार तक दोहरा सकते हैं।
4. भस्त्रिका प्राणायाम
भस्त्रिका प्राणायाम हमारे फेफड़ों की क्षमता को बढ़ाने और उन्हें मजबूत बनाने के लिए सबसे कारगर योगाभ्यास है। यह आपके फेफड़ों में ऑक्सीजन होल्ड करने की क्षमता को बढ़ाने का काम करता है। जिससे फेफड़े मजबूत होते हैं।
5. सुप्त पद्मासन
ध्यान के लिए लगाया जाने वाला आसन जिसे पद्मासन कहा जाता है। यदि आप इसे लगाकर कमर के बल लेट जाते हैं, तो यह सुप्त पद्मासन हो जाता है। यह आसन आपके फेफड़ों की कार्यक्षमता को बढ़ाने का काम करता है। जिससे आपके फेफड़े काफी मजबूत होते हैं।
