मीठा खाने की आदत छोड़ना आसान नहीं होता। हम रोजाना किसी न किसी रूप में अतिरिक्त चीनी लेते रहते हैं। वहीं अगर सिर्फ 14 दिनों के लिए एडेड शुगर से दूरी बना ली जाए तो शरीर में कई बदलाव महसूस हो सकते हैं। AIIMS के प्रशिक्षित गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. सौरव सेठी ने बताया है कि दो हफ्ते का यह शुगर ब्रेक शरीर के मेटाबॉलिज्म को बेहतर तरीके से काम करने में मदद कर सकता है।
शुरुआत में बढ़ सकती है मीठे की क्रेविंग
डॉ. सौरव सेठी के मुताबिक, चीनी छोड़ने के शुरुआती दिनों में मीठा खाने की तेज इच्छा हो सकती है। कुछ लोगों को सिरदर्द, थकान, चिड़चिड़ापन या ब्रेन फॉग जैसा महसूस हो सकता है। उनके अनुसार, यह जरूरी नहीं कि इसे शुगर विदड्रॉल कहा जाए। शरीर और दिमाग कम चीनी की स्थिति के साथ खुद को एडजस्ट कर रहे होते हैं।
कुछ दिनों बाद कम होने लगती है क्रेविंग
जैसे-जैसे शरीर नई दिनचर्या का आदी होता है, मीठे की क्रेविंग कम हो सकती है। डॉ. सेठी के अनुसार, इस दौरान ऊर्जा का स्तर ज्यादा स्थिर महसूस हो सकता है। दोपहर के समय होने वाली अचानक थकान और पेट फूलने की समस्या भी कम हो सकती है। साथ ही शरीर की इंसुलिन प्रतिक्रिया में सुधार शुरू हो सकता है।
पेट की सूजन और ब्लोटिंग में राहत
डॉ. सौरव सेठी ने बताया कि दो हफ्ते चीनी से दूरी बनाने पर पेट पहले की तुलना में कम फूला हुआ महसूस हो सकता है। इसकी एक वजह शरीर में पानी के जमाव में कमी भी हो सकती है। कम चीनी का मतलब आंतों में कम फर्मेंटेशन हो सकता है, जिससे गैस और ब्लोटिंग जैसी दिक्कतों में भी राहत मिल सकती है।
चेहरे की सूजन भी हो सकती है कम
डॉ. सेठी के मुताबिक, एडेड शुगर कम करने से इंसुलिन से जुड़ा वॉटर रिटेंशन घट सकता है। इसका असर चेहरे की सूजन पर भी दिखाई दे सकता है। यानी कुछ लोगों को दो हफ्ते बाद चेहरा पहले की तुलना में कम पफी नजर आ सकता है। हालांकि इसका मतलब यह नहीं कि हर व्यक्ति में एक जैसा बदलाव दिखाई देगा।
लिवर पर भी पड़ सकता है असर
डॉ. सौरव सेठी ने यह भी बताया कि चीनी कम करने से लिवर पर पड़ने वाला शुगर लोड घट सकता है। खासतौर पर फैटी लिवर जैसी स्थिति में यह महत्वपूर्ण हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोगों में हाई ग्लाइसेमिक फूड से जुड़ी मुंहासे या त्वचा की लालिमा जैसी समस्या में सुधार दिखाई दे सकता है।
दो हफ्ते बाद नींद और भूख में बदलाव
डॉ. सेठी के अनुसार, दो हफ्ते के आसपास कुछ लोगों को बेहतर नींद, ज्यादा स्पष्ट हंगर क्यूज और खाने की अनावश्यक इच्छा में कमी महसूस हो सकती है। फास्टिंग ग्लूकोज में भी सुधार देखा जा सकता है। खास बात यह है कि वजन तुरंत कम न हो, फिर भी शरीर के मेटाबॉलिक बदलाव जारी रह सकते हैं।
यह वजन घटाने का शॉर्टकट नहीं
डॉ. सौरव सेठी के मुताबिक, 14 दिन का शुगर ब्रेक केवल वजन घटाने की कोशिश नहीं है। इसका मकसद इंसुलिन स्पाइक को कम करना, लिवर पर शुगर का बोझ घटाना, वॉटर रिटेंशन कम करना और मीठे के प्रति स्वाद की आदत को रीसेट करना है। हालांकि किसी बीमारी, डायबिटीज या दूसरी स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे लोगों को डाइट में बड़ा बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।
