आज यानी सोमवार का दिन देश की संसदीय व्यवस्था के लिए बड़ा दिन साबित हो सकता है। परिसीमन विधेयक पर समर्थन के लिए जारी खींचतान के बीच, संसद के विशेष सत्र के दौरान आज लोकसभा में केंद्र सरकार महिला आरक्षण, लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के परिसीमन तथा केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़े कानूनों में संशोधन को लेकर प्रस्ताव पेश कर सकती है।
लोकसभा सचिवालय द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, संसद के निम्न सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी। सबसे पहले दिवंगत पूर्व सांसदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद विभिन्न मंत्रालयों की ओर से सदन के पटल पर सरकारी दस्तावेज रखे जाएंगे और जल संसाधन संबंधी स्थायी समिति की रिपोर्ट पेश की जाएगी।
पहले पुराने परिसीमन विधेयक को वापस लेगी सरकार
सोमवार की कार्यसूची में सबसे अहम बात यह है कि सरकार पहले 2026 के परिसीमन विधेयक को वापस लेने का प्रस्ताव लाएगी। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल सदन में परिसीमन विधेयक, 2026 को वापस लेने की अनुमति मांगेंगे। इसके बाद विधेयक को वापस लेने की औपचारिक कार्रवाई की जाएगी।
यह विधेयक 16 अप्रैल 2026 को लोकसभा में पेश किया गया था। इसमें लोकसभा में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए सीटों के आवंटन में बदलाव, विधानसभा सीटों की कुल संख्या के पुनर्निर्धारण और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं के पुनर्गठन का प्रावधान था। विधेयक वापस लेने के कारणों से संबंधित वक्तव्य 27 नवंबर को ही सदस्यों के बीच वितरित किया जा चुका है। इसके बाद सरकार इसी विषय पर नया यानी परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 पेश करने की तैयारी में है।
महिला आरक्षण और परिसीमन को जोड़ने वाला नया विधेयक होगा पेश
इसके बाद केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 पेश करेंगे। इस विधेयक का उद्देश्य लोकसभा और राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं में महिलाओं के लिए सीटों के आरक्षण को प्रभावी बनाने के साथ परिसीमन की प्रक्रिया से जुड़े प्रावधान करना है। इस विधेयक में लोकसभा में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए सीटों के आवंटन में पुनर्समायोजन, विधानसभा सीटों की कुल संख्या में बदलाव और लोकसभा तथा विधानसभा चुनावों के लिए क्षेत्रीय निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन का प्रावधान शामिल है।
संविधान का 132वां संशोधन विधेयक भी आएगा
वहीं, अर्जुन राम मेघवाल महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधायी प्रस्तावों के साथ सरकार संविधान (एक सौ बत्तीसवां संशोधन) विधेयक, 2026 भी पेश करेगी। सरकार पहले इस विधेयक को पेश करने की अनुमति मांगेगी और फिर इसे सदन में पेश करेगी। यह विधेयक इस लिहाज से महत्वपूर्ण है कि सरकार ने परिसीमन (द्वितीय) विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) द्वितीय विधेयक को इसके साथ जोड़कर आगे बढ़ाने की तैयारी की है।
कार्यसूची में यह भी स्पष्ट किया गया है कि इन विधेयकों पर विचार और पारित करने की प्रक्रिया के दौरान नियम 66 के एक प्रावधान के अनुप्रयोग को स्थगित करने के लिए प्रस्ताव लाया जाएगा। यह प्रस्ताव अर्जुन राम मेघवाल पेश करेंगे। इसका संबंध इन विधेयकों पर विचार और उन्हें पारित करने की प्रक्रिया से है।
अमित शाह पेश करेंगे केंद्र शासित प्रदेश कानून में संशोधन विधेयक
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) द्वितीय विधेयक, 2026 पेश करेंगे। इस विधेयक के जरिए तीन कानूनों में संशोधन का प्रस्ताव है। इनमें सरकारी केंद्र शासित प्रदेश अधिनियम, 1963, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार अधिनियम, 1991 और जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम, 2019 शामिल हैं।
सरकार पहले केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2026 को वापस लेने का प्रस्ताव लाएगी। इसके बाद अमित शाह नया यानी द्वितीय विधेयक पेश करेंगे। फिर इसे विचार और पारित करने के लिए सदन के सामने रखा जाएगा।
तीनों विधेयकों पर एक साथ हो सकता है विचार
लोकसभा की संशोधित कार्यसूची में एक महत्वपूर्ण व्यवस्था यह भी है कि संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) द्वितीय विधेयक और परिसीमन (द्वितीय) विधेयक को एक साथ विचार और पारित करने के लिए लिया जा सकता है।
वहीं, परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर संसद में सरकार और विपक्ष के बीच टकराव के आसार हैं। इसी सिलसिले में INDIA गठबंधन के दोनों सदनों के फ्लोर लीडर 30 नवंबर को सुबह 9:45 बजे नई संसद भवन के कमरा नंबर G-19 में बैठक करेंगे। इस बैठक में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 को लेकर साझा रणनीति तैयार की जाएगी।
