हेल्थ

AIIMS ने रचा इतिहास, पार्किंसंस के इलाज के लिए देश की पहली रोबोटिक डीप ब्रेन स्टिमुलेशन सर्जरी सफल

एम्स नई दिल्ली के न्यूरोसर्जरी और न्यूरोलॉजी विभागों की टीम ने इजराइली विशेषज्ञों के साथ मिलकर इस जटिल सर्जरी को अंजाम दिया।

Image

यह प्रतीकात्मक तस्वीर AI से बनाई गई है

चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में भारत ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), नई दिल्ली में पार्किंसंस रोग से पीड़ित मरीजों के इलाज के लिए देश की पहली रोबोटिक-गाइडेड डीप ब्रेन स्टिमुलेशन (DBS) सर्जरी सफलतापूर्वक की गई है। यह विशेष प्रक्रिया इजराइल के तेल अवीव विश्वविद्यालय के सहयोग से पूरी की गई, जिसे न्यूरोसर्जरी और न्यूरोलॉजी की दुनिया में एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है।

विशेषज्ञों की संयुक्त टीम ने रचा इतिहास

एम्स नई दिल्ली के न्यूरोसर्जरी और न्यूरोलॉजी विभागों की टीम ने इजराइली विशेषज्ञों के साथ मिलकर इस जटिल सर्जरी को अंजाम दिया। इस प्रक्रिया का नेतृत्व एम्स के प्रोफेसर पी. शरत चंद्र और तेल अवीव विश्वविद्यालय के प्रोफेसर इडो स्ट्रॉस ने किया। उनके साथ प्रोफेसर इला वारसी (और प्रोफेसर मंजरी त्रिपाठी सहित दोनों विभागों के डॉक्टरों और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम भी इस ऑपरेशन में शामिल रही।

क्या है रोबोटिक-गाइडेड डीप ब्रेन स्टिमुलेशन?

पार्किंसंस एक ऐसी न्यूरोलॉजिकल बीमारी है, जो शरीर की गतिविधियों को प्रभावित करती है और इसके कारण हाथों-पैरों में कंपन, अकड़न और चलने-फिरने में कठिनाई जैसी समस्याएं होती हैं। डीप ब्रेन स्टिमुलेशन इस बीमारी के इलाज की एक उन्नत तकनीक है, जिसमें दिमाग के भीतर बेहद बारीक इलेक्ट्रोड स्थापित किए जाते हैं।

इस नई प्रक्रिया में रोबोटिक गाइडेंस की मदद ली गई है। रोबोटिक तकनीक सर्जनों को दिमाग के अत्यंत संवेदनशील हिस्सों में स्टिमुलेशन इलेक्ट्रोड्स को बेहद सटीकता के साथ लगाने में मदद करती है। इलेक्ट्रोड्स की सटीक स्थिति न केवल सर्जरी की सफलता दर को बढ़ाती है, बल्कि मरीज के ठीक होने की प्रक्रिया को भी बेहतर बनाती है और जोखिमों को कम करती है।

मरीजों के लिए नई उम्मीद

भारत में पार्किंसंस रोग से जूझ रहे लाखों मरीजों के लिए यह उपलब्धि एक बड़ी राहत और नई उम्मीद लेकर आई है। एम्स जैसे सरकारी चिकित्सा संस्थान में इस तरह की अत्याधुनिक तकनीक का सफल प्रयोग यह दर्शाता है कि अब देश में ही विश्वस्तरीय और सटीक न्यूरोलॉजिकल इलाज उपलब्ध हो रहा है। अंतरराष्ट्रीय सहयोग और आधुनिक रोबोटिक तकनीक के इस संगम से भविष्य में अन्य जटिल मस्तिष्क रोगों के उपचार के रास्ते भी खुलेंगे। इस बड़ी सफलता के लिए चिकित्सा जगत और संस्थान की ओर से पूरी टीम को बधाई दी गई है।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article