दुनिया

पहले पहाड़ी पर ले गए, फिर 11 मजदूरों की बेरहमी से हत्या... पाकिस्तान के बलूचिस्तान में अपहरण के बाद खौफनाक वारदात

Balochistan Coal Miners Killed: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के कोहलू जिले में अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने रविवार को 11 कोयला खदान मजदूरों का अपहरण कर उनकी हत्या कर दी। मरने वालों में 7 अफगान नागरिक और 4 स्थानीय मजदूर शामिल हैं।

Image

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बड़ा आतंकी हमला (फाइल फोटो)

Photo : AP

Balochistan Coal Miners Killed: पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत से एक बार फिर दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। रविवार को अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने कोयला खदान में काम करने वाले 11 मजदूरों का पहले अपहरण किया और फिर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) तैयब इकबाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह हमला कोहलू जिले के चमलंग इलाके में हुआ। कोयला खदान मजदूर दो वाहनों में सवार होकर जा रहे थे, तभी घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। हथियारबंद उग्रवादी सभी 11 मजदूरों को बंधक बनाकर पास के ही हौसरी पहाड़ों की तरफ ले गए। पुलिस अधिकारी के अनुसार, कुछ समय बाद उन्हीं पहाड़ों से सभी मजदूरों के शव बरामद किए गए।

फिलहाल किसी भी आतंकी या अलगाववादी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि मारे गए मजदूरों में से सात अफगानिस्तान के नागरिक थे, जबकि बाकी चार स्थानीय जनजातियों से ताल्लुक रखते थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया।

सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी

वारदात के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। हमलावरों को पकड़ने के लिए पहाड़ी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इस जघन्य हत्याकांड पर बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने निहत्थे मजदूरों को निशाना बनाए जाने को एक बेहद क्रूर और कायरतापूर्ण कृत्य करार दिया। वहीं, पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने भी बयान जारी कर इस हमले की कड़ी निंदा की है और दोषियों को जल्द से जल्द कानून के कटघरे में लाने के निर्देश दिए हैं।

सुरक्षा बलों पर हमलों और अपहरण की घटनाओं में आई तेजी

गौरतलब है कि अफगानिस्तान की सीमा से सटे बलूचिस्तान प्रांत में पिछले कुछ वर्षों से आम नागरिकों, खासकर दूसरे प्रांतों या देशों से आए मजदूरों और सुरक्षा बलों पर हमलों व अपहरण की घटनाओं में तेजी आई है, जिसके चलते सरकार को आतंकवाद विरोधी अभियान तेज करने पड़े हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article