लाइफस्टाइल

Miss Diva 2026: ग्रैंड फिनाले में इन सितारों ने जीते खिताब, अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखाएंगी भारत का हुनर

ब्यूटी क्वीन कैटेगरी में चुनी गईं श्रेया पाटिल और चिलकालापुड़ी इंदु फाल्गुनी अब क्रमशः मिस सुप्रानेशनल और मिस कॉस्मो जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करने की दिशा में आगे बढ़ेंगी।

Image

LIVA Miss Diva 2026 में इन लोगों के सिर सजा जीत का ताज

Miss Diva 2026 Winners List: ग्लैमर, कॉन्फिडेंस और टैलेंट से सजी शाम में मिस दिवा 2026 के विजेताओं के नामों का ऐलान हो गया है। पहले की ही तरह इस साल भी प्रतियोगिता में खूबसूरती के साथही फैशन की समझ, रचनात्मकता और डिजिटल दुनिया में अपनी पहचान बनाने की काबिलियत को भी मंच मिला। मुंबई में आयोजित ग्रैंड फिनाले में श्रेया पाटिल ने मिस दिवा सुप्रानेशनल 2026 का खिताब अपने नाम किया, जबकि चिलकालापुड़ी इंदु फाल्गुनी मिस दिवा कॉस्मो 2026 चुनी गईं। इनके अलावा फैशन डिजाइनर और कंटेंट क्रिएटर श्रेणियों के विजेताओं की भी घोषणा की गई।

मिस दिवा 2026 का आयोजन LIVA के स्पॉन्शरशिप में किया गया। इस बार प्रतियोगिता को तीन श्रेणियों में बांटा गया था- ब्यूटी क्वीन, फैशन डिजाइनर और कंटेंट क्रिएटर। इसका मकसद महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और फैशन, ब्यूटी तथा डिजिटल मीडिया की दुनिया में आगे बढ़ने का अवसर देना था।

ब्यूटी क्वीन कैटेगरी में चुनी गईं श्रेया पाटिल और चिलकालापुड़ी इंदु फाल्गुनी अब क्रमशः मिस सुप्रानेशनल और मिस कॉस्मो जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करने की दिशा में आगे बढ़ेंगी। इन खिताबों के साथ उनके सामने अब देश का नाम रोशन करने की नई चुनौती होगी।

वहीं, फैशन डिजाइनर श्रेणी में विधि सुथार ने अपनी रचनात्मकता और डिजाइन की समझ से निर्णायकों को प्रभावित किया। कंटेंट क्रिएटर श्रेणी में रिंपल राय को उनके डिजिटल कंटेंट और अपनी अलग पहचान बनाने के लिए चुना गया।

इस शाम को खास बनाने के लिए मंच पर संगीत और मनोरंजन का भी इंतजाम था। सचिन कुंभार ने कार्यक्रम की मेजबानी की, जबकि मनासी स्कॉट ने अपनी प्रस्तुति से समां बांधा। रेड कार्पेट की जिम्मेदारी स्रीतमा बसु ने संभाली। बता दें कि LIVA प्रायोजित मिस डीवा 2026 के ग्रैंड फिनाले के जूरी पैनल में भारतीय एक्टर और एंकर मनीष पॉल, मिस सुप्रानेशनल 2026 कैटरीना लेगाडो, मिस कॉस्मो 2025 योलिना लिंडक्विस्ट और एक्टर संदीप किशन शामिल रहीं। मनोरंजन और इंटरनेशनल ब्यूटी पेजेंट्स के अपने अनुभव के साथ वे व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, स्टेज प्रेजेंस और एक विजेता को खास बनाने वाली खूबियों पर अहम राय दी।

मिस दिवा 2026 के ये नतीजे बताते हैं कि आज प्रतिभा के लिए मंच केवल एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है। कोई अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करने का सपना देख रहा है, तो कोई फैशन डिजाइन और डिजिटल दुनिया में अपनी पहचान बनाने की तैयारी में है।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article