हेल्थ

डायबिटीज में कौन सा ड्राई फ्रूट खाना चाहिए, जानें शुगर के मरीजों के लिए 4 बेहतरीन मेवा के विकल्प

Dry Fruits for Diabetes: डायबिटीज के मरीज कौन से ड्राई-फ्रूट्स खा सकते हैं। आज हम आपको 4 ऐसे ड्राई फ्रूट्स बताएंगे, जिन्हें शुगर के मरीज खा सकते हैं। ये उनकी सेहत को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं।

Image

डायबिटीज में कौन से ड्राई फ्रूट्स खा सकते हैं?

Dry Fruits for Diabetes: डायबिटीज यानी मधुमेह की समस्या में खानपान का विशेष ध्यान रखना पड़ता है। जरा-सी लापरवाही भी ब्लड शुगर के स्तर को प्रभावित कर सकती है। यही वजह है कि शुगर के मरीज अक्सर इस उलझन में रहते हैं कि उन्हें क्या खाना चाहिए और किन चीजों से दूरी बनानी चाहिए। खासकर ड्राई फ्रूट्स को लेकर कई सवाल मन में आते हैं। कुछ लोगों को लगता है कि इनमें प्राकृतिक मिठास और कैलोरी अधिक होती है, इसलिए डायबिटीज में इनका सेवन नहीं करना चाहिए। जबकि सच्चाई यह है कि सही ड्राई फ्रूट्स का चुनाव और उनकी सीमित मात्रा इन्हें हेल्दी डाइट का हिस्सा बना सकती है। बादाम, अखरोट, पिस्ता और मूंगफली जैसे विकल्प पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। आइए जानते हैं डायबिटीज के मरीजों के लिए कौन से ड्राई फ्रूट्स फायदेमंद हो सकते है?

1. बादाम

डायबिटीज के मरीजों के लिए बादाम एक अच्छा स्नैक विकल्प हो सकता है। इसमें फाइबर, प्रोटीन, मैग्नीशियम और हेल्दी फैट पाया जाता है। ये पोषक तत्व संतुलित खानपान का हिस्सा बनकर मेटाबॉलिक और हार्ट हेल्थ को बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकते हैं। बादाम में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा भी कई दूसरे स्नैक्स की तुलना में कम होती है। ऐसे में शुगर के मरीज रोजाना 6 से 8 बादाम खा सकते हैं। इन्हें रातभर भिगोकर या बिना भिगोए भी खाया जा सकता है।

2. अखरोट

अखरोट को न्यूट्रीशन का खजाना कहा जाता है। इसमें ओमेगा-3 फैटी एसिड, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स मौजूद होते हैं। डायबिटीज के मरीजों के लिए दिल की सेहत का ध्यान रखना भी जरूरी होता है, क्योंकि डायबिटीज की बीमारी में हार्ट संबंधी समस्याओं का जोखिम बढ़ सकता है। ऐसे में अखरोट संतुलित डाइट का अच्छा हिस्सा बन सकता है। रोजाना 2 से 3 पूरे अखरोट या उनकी गिरी सीमित मात्रा में खाई जा सकती है।

3. पिस्ता

पिस्ता भी डायबिटीज के मरीजों के लिए बेहतर विकल्पों में शामिल है। इसमें प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। फाइबर और प्रोटीन पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद कर सकते हैं। इससे बार-बार भूख लगने और अनहेल्दी स्नैक्स खाने की आदत को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है। शुगर के मरीज रोजाना 10 से 12 बिना नमक वाले पिस्ते खा सकते हैं। हालांकि इस बात का ध्यान रखें कि, बाजार में मिलने वाले नमकीन और मसालेदार पिस्ते नहीं खाने हैं।

4. मूंगफली और मखाना

शाम के समय हल्की भूख लगने पर मूंगफली और भुने मखाने खाए जा सकते हैं। मूंगफली में प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट पाया जाता है, जबकि मखाना कम फैट वाला स्नैक है और इसमें कुछ मात्रा में प्रोटीन व फाइबर भी मिलता है। आप 15 से 20 मूंगफली या एक छोटा बाउल भुने मखाने खा सकते हैं। ध्यान रखें कि मूंगफली और मखाने सादे या हल्के भुने हुए हों। इनमें अतिरिक्त नमक, चीनी या घी का इस्तेमाल न करें।

ड्राई फ्रूट्स खाने की सावधानी

डायबिटीज के मरीजों को सभी ड्राई फ्रूट्स एक समान मात्रा में नहीं खाने चाहिए। काजू में बादाम और अखरोट की तुलना में कार्बोहाइड्रेट थोड़ा अधिक होता है, इसलिए इसे सीमित मात्रा में खाना बेहतर है। वहीं खजूर, किशमिश, सूखे अंजीर और छुआरे में प्राकृतिक शुगर और कार्बोहाइड्रेट केंद्रित मात्रा में मौजूद होते हैं। इन्हें अधिक खाने से ब्लड शुगर प्रभावित हो सकता है। इसलिए इनका सेवन कम मात्रा में और अपने डाइट प्लान के अनुसार ही करें।

डिस्क्लेमर - यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। इसे किसी भी तरह से डाइटीशियन की सलाह के तौर पर नहीं लिया जा सकता है। स्वास्थ्य और खानपान संबंधी सलाह को अमल में लाने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article