Which Vitamin Deficiency Causes Early Aging In Hindi: हर कोई चाहता है कि उसकी त्वचा ग्लोइंग रहे, बाल लंबे और घने बने रहें और शरीर में हमेशा एनर्जी बनी रहे। लेकिन बदलती लाइफस्टाइल, गलत खान-पान और पोषण की कमी के कारण झुर्रियां, सफेद बाल और ढीली त्वचा जैसी समस्याएं जल्दी आने लगती हैं। उम्र बढ़ने के साथ स्किन और बालों में बदलाव आना स्वाभाविक है, लेकिन अगर ये संकेत 30-35 की उम्र से पहले नजर आने लगें, तो यह विटामिन की कमी का नतीजा हो सकता है।
खासतौर पर विटामिन बी12, सी, ई और एंटीऑक्सीडेंट की कमी आपको उम्र से पहले बूढ़ा दिखा सकती है। अगर आप भी यंग और फ्रेश दिखना चाहते हैं, तो आज से ही अपनी डाइट में इन जरूरी विटामिन्स को शामिल करें। आइए जानते हैं कि कौन-कौन से विटामिन आपकी खूबसूरती बनाए रखने में मददगार हैं और इनके लिए आपको किन चीजों को खाना चाहिए।
सफेद बालों की वजह विटामिन बी12
अगर आपके बाल उम्र से पहले सफेद हो रहे हैं, तो इसकी वजह विटामिन बी12 की कमी हो सकती है। यह विटामिन बालों को काला बनाए रखने और मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है। इसकी कमी से स्कैल्प को सही पोषण नहीं मिल पाता, जिससे बाल जल्दी सफेद होने लगते हैं। इसे पूरा करने के लिए दूध, दही, पनीर, अंडे, मछली और सोया प्रोडक्ट्स को अपनी डाइट में जरूर शामिल करें।
झुर्रियों से बचाए विटामिन सी
झुर्रियां और ढीली त्वचा जल्दी आना विटामिन सी की कमी का संकेत हो सकता है। यह विटामिन कोलेजन बढ़ाने में मदद करता है, जिससे स्किन टाइट और हेल्दी बनी रहती है। विटामिन सी न केवल एंटी-एजिंग के लिए फायदेमंद है, बल्कि यह डार्क स्पॉट्स और डलनेस भी दूर करता है। इसके लिए संतरा, नींबू, आंवला, पपीता, टमाटर और हरी सब्जियां खाना फायदेमंद होगा।
बेजान त्वचा का कारण विटामिन ई की कमी
अगर आपकी स्किन रूखी और बेजान दिखती है, तो यह विटामिन ई की कमी हो सकती है। विटामिन ई त्वचा को मॉइस्चराइज़ और रिपेयर करने में मदद करता है। यह एक नेचुरल एंटीऑक्सीडेंट है, जो त्वचा को धूप और प्रदूषण से होने वाले नुकसान से बचाता है। इसे दूर करने के लिए बादाम, अखरोट, सूरजमुखी के बीज, मूंगफली और एवोकाडो का सेवन करें।
जवानी बनाए रखे एंटीऑक्सीडेंट
एंटीऑक्सीडेंट त्वचा की कोशिकाओं को रिपेयर करके झुर्रियां, फाइन लाइन्स और ढीली स्किन को रोकते हैं। यह शरीर से फ्री रेडिकल्स को हटाकर स्किन को अंदर से हेल्दी और यंग बनाए रखते हैं। इसे बढ़ाने के लिए ग्रीन टी, डार्क चॉकलेट, अनार, बेरीज, गाजर और चुकंदर को अपनी डाइट का हिस्सा बनाएं।
ग्लोइंग स्किन का राज हाइड्रेशन
अगर शरीर में पानी की कमी होगी, तो इसका सीधा असर स्किन पर पड़ेगा। डिहाइड्रेशन से त्वचा बेजान और झुर्रियों से भरी नजर आती है। सही हाइड्रेशन स्किन को टाइट और हेल्दी बनाए रखने में मदद करता है। दिनभर में 8-10 गिलास पानी, नारियल पानी, छाछ और ताजे फलों के जूस को अपनी डाइट में शामिल करें।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
