Water Safety In Rainy Season: बारिश शुरू होते ही घर के बड़े अक्सर कहते हैं कि अब पानी उबालकर ही पीना चाहिए। लेकिन क्या मानसून में हर किसी के लिए ऐसा करना जरूरी होता है? इसका जवाब हमेशा 'हां' नहीं है। कई बार पानी उबालना आपकी और परिवार की सेहत की सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी होता है, लेकिन कुछ स्थितियों में इसकी जरूरत नहीं पड़ती। यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के सीनियर कंसल्टेंट फिजिशियन और डायबेटोलॉजिस्ट डॉ. जी. कृष्णा मोहन रेड्डी बताते हैं कि यह इस बात पर निर्भर करता है कि आपके घर तक आने वाला पानी कितना साफ और सुरक्षित है। इसलिए बिना वजह हर बार पानी उबालने से बेहतर है कि पहले यह समझ लें कि कब यह आदत सच में फायदा देती है और कब इसकी जरूरत नहीं होती।
बारिश में पानी को लेकर ज्यादा सावधानी क्यों
डॉ. जी. कृष्णा मोहन रेड्डी की मानें तो बारिश के मौसम में कई बार गंदा पानी पीने के पानी तक पहुंच सकता है। अगर पानी की पाइपलाइन खराब हो, आसपास जलभराव हो या घर की पानी की टंकी गंदी हो, तो पानी दूषित होने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसा पानी पीने से पेट खराब होना, उल्टी-दस्त, बुखार और दूसरी संक्रमण वाली बीमारियां हो सकती हैं। इसलिए इस मौसम में पानी की सफाई को हल्के में नहीं लेना चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मानसून में घर का दही जल्दी खट्टा या खराब क्यों हो जाता है? इन गलतियों से बचेंगे तो रहेगा फ्रेश
इन हालात में पानी उबालकर पीना सबसे अच्छा
अगर आपके इलाके में पानी की सप्लाई साफ नहीं रहती, बारिश या बाढ़ के बाद पानी का रंग या स्वाद बदल गया है, टैंकर का पानी इस्तेमाल हो रहा है या घर की पानी की टंकी लंबे समय से साफ नहीं हुई है, तो पानी उबालकर पीना बेहतर रहता है। डॉ. रेड्डी के अनुसार, छोटे बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बार-बार बीमार पड़ने वाले लोगों के लिए भी उबला हुआ पानी ज्यादा सुरक्षित माना जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मीठा खाने के बाद फिर मीठा खाने का मन क्यों करता है? डॉक्टर से जानिए इसके पीछे छिपी बड़ी वजहें
कब पानी उबालने की जरूरत नहीं होती
अगर घर में आने वाला पानी भरोसेमंद स्रोत से आता है और अच्छी गुणवत्ता वाले वॉटर प्यूरीफायर से साफ होकर पीया जा रहा है, तो हर बार उसे उबालने की जरूरत नहीं होती। लेकिन इसके लिए जरूरी है कि प्यूरीफायर की समय-समय पर सर्विस हो और उसके फिल्टर समय पर बदले जाएं। अगर मशीन ठीक से काम नहीं कर रही है, तो सिर्फ उस पर भरोसा करना सही नहीं होगा।
उबला पानी भी गलत तरीके से रखने पर बेकार हो सकता है
बहुत से लोग पानी उबाल तो लेते हैं, लेकिन बाद में उसे खुले बर्तन में छोड़ देते हैं। इससे दोबारा गंदगी या कीटाणु उसमें पहुंच सकते हैं। इसलिए उबले हुए पानी को हमेशा साफ और ढक्कन वाले बर्तन में रखें। पानी निकालते समय भी साफ गिलास या बर्तन का इस्तेमाल करें। तभी उबालने का पूरा फायदा मिलेगा।
हर घर की जरूरत अलग होती है
बारिश में पानी उबालना अच्छी आदत है, लेकिन इसे हर घर के लिए जरूरी नियम नहीं माना जा सकता। अगर पानी की सफाई पर जरा भी शक हो, तो उसे उबालकर पीना सबसे सुरक्षित तरीका है। वहीं अगर साफ पानी और ठीक से काम करने वाला प्यूरीफायर मौजूद है, तो हर बार पानी उबालने की जरूरत नहीं होती। इसलिए मौसम देखकर नहीं, बल्कि पानी की गुणवत्ता देखकर फैसला लें। यही तरीका आपको और आपके परिवार को बारिश के मौसम में सुरक्षित रखने में मदद करेगा।
