एक बोतल सॉफ्ट ड्रिंक और कई बीमारियां, बढ़ा रही मोटापा और शुगर का रिस्क, बन रही सेहत की सबसे महंगी गलती
- Authored by: Vineet
- Updated Jan 18, 2026, 02:32 PM IST
Soft Drink Side Effects In Hindi: आमतौर हम में से ज्यादातर लोग जब भी कहीं बाहर होते हैं और उन्हें प्यास लगती है, तो ऐसे में वे कोल्ड ड्रिंक्स, सोड़ा या अन्य सॉफ्ट ड्रिंक बड़ी आसानी से खरीदकर पी लेते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं, सॉफ्ट ड्रिंक की एक बोतल आपकी सेहत के लिए काफी खतरनाक हो सकती है। यह कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकती है। चलिए आज आपको इसके गंभीर नुकसान बताते हैं...
सोडा-कोला की 1 बोतल भी खतरनाक
Soft Drink Side Effects In Hindi: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में ठंडी-मीठी सॉफ्ट ड्रिंक कई लोगों के लिए थकान दूर करने का आसान तरीका बन चुकी है। गर्मी हो, पार्टी हो या बाहर का खाना - एक बोतल सॉफ्ट ड्रिंक अपने आप हाथ में आ ही जाती है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि यह छोटी सी बोतल आपकी सेहत को कितनी बड़ी कीमत चुकाने पर मजबूर कर सकती है? हालिया वैज्ञानिक रिपोर्ट्स और विशेषज्ञों की मानें तो सॉफ्ट ड्रिंक मोटापा, डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों का जोखिम तेजी से बढ़ा रही है।
एक बोतल में छुपी जरूरत से ज्यादा शुगर
सॉफ्ट ड्रिंक में मिलाई जाने वाली शुगर मात्रा शरीर की रोज़ाना ज़रूरत से कहीं ज्यादा होती है। यही अतिरिक्त शुगर शरीर में जाकर फैट के रूप में जमा होने लगती है। शुरुआत में असर समझ नहीं आता, लेकिन धीरे-धीरे वजन बढ़ने लगता है और पेट की चर्बी बढ़ती चली जाती है। यही वजह है कि डॉक्टर इसे खाली कैलोरी कहते हैं, जिससे शरीर को कोई पोषण नहीं मिलता।
डायबिटीज का बढ़ता खतरा
नियमित रूप से सॉफ्ट ड्रिंक पीने से ब्लड शुगर लेवल अचानक बढ़ता है। इससे शरीर का इंसुलिन सिस्टम गड़बड़ाने लगता है। लंबे समय तक यही आदत बनी रहे तो टाइप-2 डायबिटीज का खतरा कई गुना बढ़ सकता है। विशेषज्ञ मानते हैं कि मीठे पेय डायबिटीज के सबसे बड़े साइलेंट ट्रिगर बनते जा रहे हैं।
मोटापा क्यों बन रहा है आम समस्या
सॉफ्ट ड्रिंक पीने के बाद पेट तो भरता है, लेकिन असल में भूख कम नहीं होती। नतीजा यह होता है कि इंसान ज्यादा खाना खा लेता है। ऊपर से इसमें मौजूद कैलोरी शरीर में एनर्जी की तरह इस्तेमाल नहीं हो पाती और मोटापे की वजह बन जाती है। यही कारण है कि बच्चों और युवाओं में भी मोटापा तेजी से बढ़ रहा है।
दिल और मेटाबॉलिज्म पर असर
सॉफ्ट ड्रिंक का ज्यादा सेवन शरीर के मेटाबॉलिज्म को धीमा कर देता है। इससे हार्ट से जुड़ी समस्याओं का जोखिम भी बढ़ सकता है। हाई शुगर लेवल और बढ़ता वजन दिल पर अतिरिक्त दबाव डालते हैं, जो भविष्य में गंभीर परेशानी बन सकता है।
दांत और हड्डियों को भी नुकसान
इन ड्रिंक्स में मौजूद एसिड दांतों की एनामेल को कमजोर करता है। धीरे-धीरे दांतों में सड़न और दर्द की समस्या शुरू हो जाती है। साथ ही, कुछ रिसर्च बताती हैं कि सॉफ्ट ड्रिंक कैल्शियम के अवशोषण में भी बाधा डाल सकती है, जिससे हड्डियां कमजोर हो सकती हैं।
क्या है समझदारी भरा विकल्प
प्यास लगने पर सॉफ्ट ड्रिंक की जगह पानी, नारियल पानी, नींबू पानी या छाछ जैसे प्राकृतिक विकल्प चुनना कहीं ज्यादा फायदेमंद है। ये शरीर को हाइड्रेट भी रखते हैं और किसी तरह का नुकसान भी नहीं पहुंचाते।