बिजनेस

इकोनॉमी बमबम! RBI के अनुमान से तेज भाग रही GDP, Q2 में 7.8% तक पहुंच सकती है ग्रोथ रेट

इंडिया की इकोनॉमिक ग्रोथ मजबूत बनी हुई है। SBI रिसर्च के आंकड़ों के मुताबिक वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में GDP ग्रोथ रेट RBI के अनुमानों से ज्यादा 7.8 फीसदी तक पहुंच सकती है।

Image

अनुमान से बेहतर रह सकती है इकोनॉमी की ग्रोथ

SBI Research GDP Forecast : भारत की अर्थव्यवस्था की रफ्तार उम्मीद से बेहतर बनी हुई है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में देश की GDP ग्रोथ 7.8% तक पहुंच सकती है। यह आंकड़ा भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के 7.2% के अनुमान से भी ज्यादा है। SBI Research की रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई से सितंबर 2026 के बीच मैन्युफैक्चरिंग, एक्सपोर्ट, सीमेंट उत्पादन और कमर्शियल व्हीकल की बिक्री में मजबूती ने अर्थव्यवस्था को सहारा दिया है।

SBI Research ने यह अनुमान किसी एक सेक्टर के प्रदर्शन के आधार पर नहीं, बल्कि कृषि, उद्योग और सर्विस सेक्टर से जुड़े 54 हाई फ्रीक्वेंसी इंडिकेटर्स के विश्लेषण के बाद लगाया है। रिपोर्ट के मुताबिक, तिमाही के आखिरी हिस्से में आर्थिक गतिविधियों में तेजी देखने को मिली। खासकर सीमेंट उत्पादन, कमर्शियल व्हीकल की बिक्री, नॉन-ऑयल एक्सपोर्ट और पोर्ट कार्गो के बेहतर प्रदर्शन ने ग्रोथ को मजबूती दी।

कहां से मिल रहा इकोनॉमी का दम

रिपोर्ट के मुताबिक दूसरी तिमाही में मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट सेक्टर से अर्थव्यवस्था को अच्छा सपोर्ट मिला है। सीमेंट उत्पादन में मजबूती से कंस्ट्रक्शन और इंफ्रास्ट्रक्चर गतिविधियों में तेजी के संकेत मिले। वहीं कमर्शियल व्हीकल की बिक्री और गैर-तेल निर्यात में बेहतर प्रदर्शन ने औद्योगिक गतिविधियों को सहारा दिया।

SBI Research के मुताबिक, ट्रैक्टर की बिक्री में जून में 11.9% की बढ़ोतरी हुई थी, लेकिन सितंबर में इसमें 18.1% की गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह माइनिंग आउटपुट भी कमजोर होकर 6.2% संकुचन में चला गया, जबकि पहले इसमें 1% की वृद्धि दर्ज की गई थी।

कैसी रहेगी नॉमिनल GDP ग्रोथ?

SBI Research ने न केवल Real GDP, बल्कि Nominal GDP को लेकर भी बेहतर अनुमान जताया है। रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई-सितंबर तिमाही में नॉमिनल GDP ग्रोथ 11-11.5% तक पहुंच सकती है। जून तिमाही में यह 10.3% रही थी। रियल जीडीपी में महंगाई के असर को हटाकर अर्थव्यवस्था में वास्तविक उत्पादन की वृद्धि मापी जाती है, जबकि नॉमिनल GDP की गणना मौजूदा कीमतों पर होती है। SBI Research को दूसरी तिमाही में कृषि उत्पादों की कीमतों में औसतन 7.8% की वृद्धि का अनुमान है। जून तिमाही में यह बढ़ोतरी 4.95% थी। हालांकि, कृषि और उससे जुड़ी गतिविधियों की वास्तविक ग्रोथ 3.6% से घटकर 2.8% रह सकती है।

मैन्युफैक्चरिंग में कितनी ग्रोथ का अनुमान?

SBI Research ने दूसरी तिमाही में मैन्युफैक्चरिंग की रियल ग्रोथ 8.7% रहने का अनुमान लगाया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि मैन्युफैक्चरिंग के कई सेगमेंट में इनपुट की लागत बढ़ी है। लेकिन, कंपनियां कच्चे माल और अन्य लागतों में बढ़ोतरी का पूरा बोझ ग्राहकों पर नहीं डाल पा रही हैं। इससे कंपनियों के मार्जिन पर दबाव पड़ सकता है। दूसरी ओर, जुलाई-सितंबर तिमाही में रियल ग्रॉस वैल्यू एडेड (GVA) ग्रोथ 8-8.2% रहने का अनुमान है।

आगे धीमी पड़ सकती है इकोनॉमी की रफ्तार

दूसरी तिमाही में 7.8% की संभावित GDP ग्रोथ के बावजूद SBI Research ने वित्त वर्ष की बाकी अवधि के लिए कुछ सतर्क संकेत दिए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी और चौथी तिमाही में भारत की ग्रोथ घटकर करीब 6.9% रह सकती है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article