हेल्थ

सलमान खान का 16 किलो वेट लॉस क्यों है खास? डॉक्टर ने बताया 60 के बाद वेट लॉस का सही फॉर्मूला

Salman Khan weight loss: क्या बढ़ती उम्र में भी वजन कम किया जा सकता है? सलमान खान ने 60 साल की उम्र में करीब 16 किलो वजन घटाकर हर किसी को हैरान किया है।

Image

सलमान खान वेट लॉस (फोटो: Pinterest)

Salman Khan weight loss: बॉलीवुड एक्टर सलमान खान ने 60 साल की उम्र में करीब 16 किलो वजन घटाकर हर किसी को हैरान किया है। उनकी इस फिटनेस जर्नी ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या बढ़ती उम्र में भी वजन कम किया जा सकता है? अमृता हॉस्पिटल, फरीदाबाद के सीनियर कंसल्टेंट इंटरनल मेडिसिन डॉ. संजय रैना का कहना है कि बिल्कुल किया जा सकता है, लेकिन इसके लिए सही तरीका अपनाना बेहद जरूरी है। सिर्फ डाइटिंग करने से नहीं, बल्कि शरीर को मजबूत बनाते हुए वजन घटाना ही असली लक्ष्य होना चाहिए।

60 की उम्र में भी वजन घटाना मुमकिन है

डॉ. संजय रैना के मुताबिक, 60 साल की उम्र के बाद भी वजन कम करना और मसल्स बनाना या उन्हें बनाए रखना पूरी तरह संभव है। हालांकि इसके लिए सोशल मीडिया पर दिखने वाले क्रैश डाइट या फटाफट वजन घटाने वाले ट्रेंड्स को फॉलो करने की बजाय वैज्ञानिक तरीके अपनाने चाहिए।

उम्र बढ़ने के साथ क्यों कम होने लगती हैं मांसपेशियां?

बढ़ती उम्र के साथ शरीर में सार्कोपीनिया (Sarcopenia) नाम की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। इसमें धीरे-धीरे शरीर की मांसपेशियां कम होने लगती हैं। यह बदलाव 40 साल के आसपास शुरू हो सकता है और 60 साल के बाद इसकी रफ्तार बढ़ जाती है। अच्छी बात यह है कि सही खानपान, नियमित एक्सरसाइज और हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाकर इस प्रक्रिया को काफी हद तक धीमा किया जा सकता है और कुछ मामलों में इसमें सुधार भी संभव है।

सिर्फ वजन नहीं, फैट कम करना होना चाहिए लक्ष्य

डॉक्टर रैना कहते हैं कि वजन घटाने की कोशिश करने वाले लोग अक्सर सिर्फ मशीन पर दिखने वाले नंबर पर ध्यान देते हैं। जबकि असली मकसद शरीर की अतिरिक्त चर्बी कम करना और मांसपेशियों को बचाकर रखना होना चाहिए। अगर वजन तो कम हो गया लेकिन मसल्स भी खत्म हो गईं, तो शरीर कमजोर हो सकता है।

वजन घटाने के दौरान इन बातों का रखें खास ध्यान

अगर आप 60 साल या उससे ज्यादा उम्र में वजन कम करना चाहते हैं, तो इन बातों का ध्यान रखें-

  • अपनी डाइट में पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन शामिल करें।
  • हफ्ते में कम से कम 2 से 3 दिन रेजिस्टेंस या स्ट्रेंथ ट्रेनिंग करें।
  • रोजाना अच्छी और पूरी नींद लें।
  • बहुत ज्यादा भूखे रहने की बजाय हल्का और संतुलित कैलोरी डेफिसिट रखें।
  • रिसर्च भी देती है इस बात की पुष्टि

डॉक्टर रैना बताते हैं कि 6,000 से ज्यादा बुजुर्गों पर हुई एक बड़ी स्टडी में पाया गया कि नियमित रेजिस्टेंस एक्सरसाइज करने से मांसपेशियों की ताकत बढ़ती है, मसल्स बेहतर रहती हैं और शरीर की कार्यक्षमता में भी सुधार होता है। अगर इसके साथ सही पोषण भी लिया जाए तो फायदा और ज्यादा मिलता है।

जल्दी वजन घटाना पड़ सकता है भारी

अगर बिना स्ट्रेंथ ट्रेनिंग के बहुत तेजी से वजन घटाया जाए, तो शरीर की मांसपेशियां कम होने लगती हैं। इसके अलावा हड्डियां भी कमजोर हो सकती हैं और गिरने या चोट लगने का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए 60 साल से ऊपर के लोगों को कोई बड़ा फिटनेस ट्रांसफॉर्मेशन शुरू करने से पहले डॉक्टर से हेल्थ चेकअप जरूर करवा लेना चाहिए। इससे डायबिटीज, दिल की सेहत, किडनी और शरीर में पोषण की स्थिति का सही आकलन हो जाता है।

सलमान खान की फिटनेस से क्या सीख मिलती है

डॉ. संजय रैना का कहना है कि सलमान खान का 16 किलो वजन कम करना इस बात का सबूत है कि फिट होने की कोई उम्र नहीं होती। लेकिन सबसे जरूरी बात यह नहीं है कि आपने कितनी जल्दी वजन घटाया, बल्कि यह है कि आपका शरीर पहले से ज्यादा स्वस्थ, मजबूत और रोजमर्रा के काम करने में सक्षम हुआ या नहीं। यही असली और टिकाऊ फिटनेस की पहचान है।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article