सर्दी, खांसी-जुकाम के लिए रामबाण नुस्खा है भाप लेना, मगर तरीके से लेने पर होगा नुकसान, जानिए सही तरीका
- Edited by: Vineet
- Updated Jan 29, 2026, 11:25 AM IST
Best Way To Take Steam In Hindi: हम सभी जानते हैं कि भाप लेना सर्दी-जुकाम और त्वचा से जुड़ी समस्याओं में कितनी राहत देता है, लेकिन इसका सही तरीका अपनाना बेहद जरूरी है। अगर भाप गलत तरीके से ली जाए, तो फायदे की जगह सेहत को नुकसान भी हो सकता है। चलिए जानते हैं क्या है स्टीम लेने का सही तरीका...
सही तरीके से लेंगे भाप तो ही मिलेगा पूरा फायदा
Best Way To Take Steam In Hindi: आजकल दिल्ली समेत कई हिस्सों में ठंडी हवाओं के चलते मौसम और सर्द हो गया है। सर्दियों का मौसम आते ही सर्दी-जुकाम, खांसी, गले में खराश और सांस से जुड़ी दिक्कतें आम हो जाती हैं। खासकर जिन लोगों की इम्यूनिटी कमजोर होती है या जिनका शरीर ज्यादा सेंसिटिव होता है, उनके लिए यह मौसम किसी चुनौती से कम नहीं होता। ऐसे में भाप लेना एक आसान और घरेलू उपाय माना जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि भाप लेने का सही तरीका न अपनाया जाए, तो यह राहत देने की बजाय नुकसान भी पहुंचा सकती है?
क्या सर्दी-जुकाम के लिए भाप लेना फायदेमंद है?
सर्दियों में नाक बंद होना, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी होना आम है। भाप लेना दादी-नानी के जमाने से चला आ रहा ऐसा नुस्खा है, जो आज भी उतना ही असरदार माना जाता है। गर्म भाप सर्दी-जुकाम के लक्षणों से राहत देती है और श्वसन तंत्र को आराम पहुंचाती है। यही वजह है कि बदलते मौसम में डॉक्टर और आयुर्वेद विशेषज्ञ भी भाप लेने की सलाह देते हैं।
सर्दी-जुकाम और नाक बंद होने में भाप कैसे मदद करती है?
भाप लेने से नाक और साइनस में जमी रुकावट ढीली पड़ जाती है। जब आप गर्म भाप लेते हैं तो यह बलगम को पतला करने में मदद करती है। इसकी मदद से नाक खुलती है और सांस लेना आसान हो जाता है
भाप लेने के फायदे
1. जुकाम-खांसी में राहत
सर्दी-जुकाम और कफ की स्थिति में भाप लेना रामबाण उपाय माना जाता है। इससे गले में जमा बलगम बाहर निकलने में मदद मिलती है और सांस लेने में राहत मिलती है। अस्थमा जैसी समस्याओं में भी डॉक्टर कई बार भाप लेने की सलाह देते हैं।
2. गले की खराश में आराम
गर्म भाप गले की सूजन और जलन को कम करती है, जिससे बोलने और निगलने में आसानी होती है।
3. स्किन के लिए फायदेमंद
चेहरे पर भाप लेने से पोर्स खुलते हैं, जिससे गंदगी और अतिरिक्त ऑयल बाहर निकलता है। इससे त्वचा साफ और चमकदार दिखती है।
4. साइनस में राहत
भाप साइनस की नलियों को साफ करती है और सिरदर्द व चेहरे की सूजन कम करने में मदद करती है।
5. तनाव कम करने में सहायक
गर्म भाप मसल्स को रिलैक्स करती है, जिससे मानसिक तनाव कम होता है और मन को शांति मिलती है।
6. शरीर को रिलैक्स महसूस कराती है
भाप लेने से पसीने के जरिए शरीर की अतिरिक्त गर्मी बाहर निकलती है, जिससे शरीर हल्का और रिलैक्स महसूस करता है।
7. अच्छी नींद में मददगार
रात में सोने से पहले भाप लेने से शरीर और दिमाग दोनों शांत होते हैं, जिससे नींद बेहतर आती है।
गलत तरीके से भाप लेने के नुकसान
- ज्यादा देर तक भाप लेना खतरनाक हो सकता है – 10–15 मिनट से ज़्यादा भाप लेने से नाक और गले की नमी सूख सकती है
- जलने का खतरा – बहुत ज्यादा गर्म भाप त्वचा या सांस की नली को नुकसान पहुंचा सकती है
- बच्चों के लिए जोखिम भरा – छोटे बच्चों को भाप देने में विशेष सावधानी जरूरी है
- जरूरत से ज्यादा आदत – बिना जरूरत रोज भाप लेने से श्वसन तंत्र कमजोर हो सकता है
भाप लेने का सही तरीका - Right Way To Take Steam
- पानी को हल्का गरम करें, बहुत ज्यादा उबाल न लें
- सिर पर तौलिया ओढ़कर 5–10 मिनट तक भाप लें
- दिन में 1–2 बार से ज्यादा भाप न लें
- छोटे बच्चों को डॉक्टर की सलाह के बिना भाप न दें
कैसे और कितनी देर तक लेनी चाहिए भाप?
- सबसे पहले पानी को उबाल लें
- उबले हुए पानी को सावधानी से किसी बड़े बर्तन में डालें
- सिर के ऊपर तौलिया ओढ़ लें ताकि भाप बाहर न जाए
- आंखें बंद रखें और पानी से 8–12 इंच की दूरी बनाए रखें
- नाक से धीरे-धीरे गहरी सांस लें
- एक्पर्ट्स के मुताबिक, एक बार में 10–15 मिनट से ज्यादा भाप नहीं लेनी चाहिए