हेल्थ

सावन में नॉनवेज से बना ली है दूरी? सात्विक डाइट में भी मिलेगा भरपूर प्रोटीन, बस खाने में शामिल करें ये 5 चीजें

Protein Rich Foods: सावन में अक्सर लोग नॉनवेज से दूरी बना लेते हैं, जिससे प्रोटीन इंटेक पर असर आ सकता है। आज हम आपको कुछ ऐसे वेज फूड्स के बारे में बताएंगे जो आपका प्रोटीन इंटेक पूरा करा सकते हैं।

Image

वेज खाने से कैसे करें प्रोटीन की पूर्ति

Protein Rich Foods: सावन का महीना भगवान शिव की भक्ति, व्रत और सात्विक जीवनशैली का प्रतीक माना जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग नॉनवेज छोड़कर पूरी तरह शाकाहारी डाइट अपनाते हैं। हालांकि, कई लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि नॉनवेज छोड़ने से कहीं शरीर में प्रोटीन की कमी तो नहीं हो जाएगी। अच्छी बात यह है कि भारतीय खानपान में ऐसे कई शाकाहारी फूड्स मौजूद हैं, जो प्रोटीन का बेहतरीन स्रोत हैं और शरीर की पोषण संबंधी जरूरतों को आसानी से पूरा कर सकते हैं। यदि आप भी सावन में नॉनवेज से दूरी बना रहे हैं, तो अपनी डाइट में ये 5 प्रोटीन-रिच वेज फूड्स (Protein Rich Veg Foods) जरूर शामिल होने चाहिए।

1. सोयाबीन और सोया चंक्स

शाकाहारी लोगों के लिए सोयाबीन प्रोटीन का सबसे अच्छा स्रोत माना जाता है। सोया चंक्स में भरपूर मात्रा में प्रोटीन, आयरन और फाइबर पाया जाता है। इसे सब्जी, पुलाव या सलाद के रूप में आसानी से खाया जा सकता है। यह लंबे समय तक पेट भरा रखने में भी मदद करता है।

2. पनीर

पनीर न सिर्फ स्वादिष्ट होता है बल्कि उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन और कैल्शियम का भी अच्छा स्रोत है। यह मांसपेशियों को मजबूत बनाने और हड्डियों के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माना जाता है। ग्रिल्ड पनीर, भुर्जी या सलाद के रूप में इसे डाइट में शामिल किया जा सकता है।

3. दालें

मूंग, मसूर, उड़द, अरहर और चना दाल जैसी दालें भारतीय भोजन का अहम हिस्सा हैं। इनमें प्रोटीन के साथ फाइबर, आयरन और कई जरूरी मिनरल्स भी होते हैं। रोजाना अलग-अलग दालों का सेवन करने से शरीर को संतुलित पोषण मिलता है।

4. अंकुरित अनाज (स्प्राउट्स)

अंकुरित मूंग, चना और मेथी के दाने पोषण का खजाना माने जाते हैं। स्प्राउट्स में प्रोटीन के साथ विटामिन सी, एंटीऑक्सीडेंट और एंजाइम भी बढ़ जाते हैं, जिससे शरीर इन्हें आसानी से पचा लेता है। सुबह के नाश्ते में स्प्राउट्स सलाद एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है।

5. मूंगफली और मेवे

मूंगफली, बादाम, अखरोट और पिस्ता जैसे ड्राई फ्रूट्स प्रोटीन के साथ हेल्दी फैट्स का भी अच्छा स्रोत हैं। ये शरीर को ऊर्जा देने के साथ-साथ लंबे समय तक भूख नहीं लगने देते। इन्हें स्नैक के रूप में या सलाद में मिलाकर खाया जा सकता है।

कैसे मिलेगा प्रोटीन का पूरा फायदा?

सेहतमंद रहने के लिए सिर्फ प्रोटीन रिच डाइट लेना ही काफी नहीं है, बल्कि उन्हें सही तरीके से खाना भी जरूरी है। दाल के साथ चावल, राजमा के साथ ब्राउन राइस या रोटी, और स्प्राउट्स के साथ दही जैसे फूड कॉम्बिनेशन शरीर को बेहतर गुणवत्ता वाला प्रोटीन उपलब्ध कराने में मदद करते हैं। इसके अलावाव दिनभर में पर्याप्त पानी पीना और डेली फिजिकल एक्टिविटी करना भी जरूरी है, जिससे शरीर प्रोटीन का सही तरीके से उपयोग कर सके।

सावन में सात्विक भोजन का महत्व

सावन में मांसाहार से दूरी बनाना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक नहीं है, बशर्ते आपकी थाली संतुलित हो। यदि आप सोयाबीन, दालें, पनीर, दूध, स्प्राउट्स, राजमा, छोले और मेवों जैसे प्रोटीन-समृद्ध शाकाहारी खाद्य पदार्थों को नियमित रूप से अपनी डाइट का हिस्सा बनाते हैं, तो शरीर को पर्याप्त प्रोटीन मिलता रहेगा। इस तरह आप पूरे सावन भर सात्विक भोजन का आनंद भी ले सकेंगे और अपनी सेहत को भी मजबूत बनाए रखेंगे।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article